• Wed. Sep 16th, 2026

MA, B.Ed. और 2 बार NET क्वालीफाई माली की मिसाल,  स्कूल में शिक्षक की कमी हुई तो खुद संभाली क्लास…11वीं-12वीं के लिए बना टीचर

यमुनानगर 16 सितंबर, 2026 : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल व्यासपुर में सरकारी माली के पद पर कार्यरत तरुण इंदौरा इन दिनों अपनी अनोखी पहल को लेकर चर्चा में हैं। स्कूल के केमिस्ट्री (रसायन विज्ञान) शिक्षक का पंचकूला ट्रांसफर/डेपुटेशन होने के बाद 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई ठप्प होने की नौबत आ गई थी। ऐसे में उच्च शिक्षित माली तरुण इंदौरा ने आगे बढ़कर चॉक थामी और बच्चों का भविष्य संवारने का बीड़ा उठाया।

माली की योग्यता देख प्रिंसिपल ने सौंपी जिम्मेदारी
साइंस स्ट्रीम के बच्चों की बोर्ड परीक्षा नजदीक आते देख जुलाई में प्रिंसिपल मीना कुमारी ने स्कूल स्टाफ की शैक्षणिक योग्यता का आकलन किया। इस दौरान सामने आया कि माली की नौकरी कर रहे तरुण इंदौरा के पास केमिस्ट्री पढ़ाने की पर्याप्त योग्यता और अनुभव दोनों मौजूद हैं।

ट्रायल क्लास में हुए पास, 20% सिलेबस कराया पूरा
प्रिंसिपल के निर्देश पर तरुण ने सबसे पहले विद्यार्थियों की ट्रायल क्लास ली, जिसमें उन्होंने कठिन से कठिन केमिकल फॉर्मूलों को बेहद आसान तरीके से समझाया। बच्चों के शानदार फीडबैक के बाद उन्हें नियमित क्लास लेने की जिम्मेदारी सौंपी गई। तरुण अब तक सितंबर परीक्षा के मद्देनजर करीब 20 प्रतिशत सिलेबस पूरा करवा चुके हैं।

MA, B.Ed और 2 बार UGC NET क्वालीफाई हैं ‘माली’ तरुण
तरुण इंदौरा की शैक्षणिक योग्यता किसी भी वरिष्ठ शिक्षक से कम नहीं है। वह एमए, बीएड, सीटीईटी (CTET) और एचटीईटी (HTET TGT) पास करने के साथ-साथ दो बार यूजीसी नेट (UGC NET) क्वालीफाई कर चुके हैं। इससे पहले वह प्राइवेट स्कूल (आरएस बाल मंदिर, इसराना) में भी पढ़ाने का अनुभव रखते हैं।

सुबह पौधों की देखरेख, क्लास टाइम में शिक्षक की भूमिका
तरुण अपनी दोहरी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं। सुबह स्कूल परिसर के पेड़-पौधों की देखभाल करने के बाद जैसे ही क्लास का समय होता है, वह 11वीं और 12वीं के करीब तीन दर्जन विद्यार्थियों को केमिस्ट्री के गुण सिखाने लगते हैं। वाइस प्रिंसिपल लवनेश और पूरे स्कूल स्टाफ ने उनकी इस पहल की जमकर सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *