• Sun. Nov 1st, 2026

अदनान की साजिश का खुलासा, राम मंदिर समेत कई धार्मिक स्थल थे निशाने पर

लखनऊ 27 अक्टूबर 2025 : उत्तर प्रदेश एटीएस ने एक बार फिर आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भोपाल निवासी अदनान, जिसने बीते साल वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर सर्वे के जज रवि कुमार दिवाकर को धमकी दी थी, को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यूपी एटीएस की टीम तुरंत दिल्ली पहुंची और अदनान से पूछताछ शुरू की।

 जज को धमकी देने से लेकर जिहादी साजिश तक
अदनान ने जून 2024 में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जज रवि कुमार दिवाकर की तस्वीर पोस्ट करते हुए उस पर लाल रंग से ‘काफिर’ लिखा था। साथ ही उसने अंग्रेजी में लिखा – “The blood of kafir is halal for those fighting for deen” (काफिर का खून हलाल है उन लोगों के लिए जो दीन के लिए लड़ रहे हैं)। इस पोस्ट के बाद एटीएस ने उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन पांच महीने बाद वह जमानत पर रिहा होकर दोबारा जिहादी गतिविधियों की साजिश रचने लगा।

धार्मिक स्थलों को लेकर था नाराज
पूछताछ में खुलासा हुआ कि अदनान मुस्लिम धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से नाराज था और उत्त्तर प्रदेश के मंदिरों और धार्मिक कार्यक्रमों पर हमला करने की साजिश रच रहा था। एटीएस यह भी पता लगा रही है कि वह पिछले कुछ महीनों में कितनी बार यूपी आया और किन-किन शहरों में रुका।

राम मंदिर का भी था जिक्र
जांच एजेंसियों को अदनान के मोबाइल और चैट्स से सीरिया में बैठे खलीफा के वीडियो मिले हैं, जिनमें राम मंदिर और अयोध्या के अन्य धार्मिक स्थलों का जिक्र है।
चूंकि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर में ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं, ऐसे में एटीएस इस पूरे मामले को अत्यधिक गंभीरता से देख रही है।

पूछताछ में जुटी एटीएस टीम
सूत्रों के अनुसार, अदनान से यह जानकारी जुटाई जा रही है कि उसके संपर्क में देश के और कौन लोग हैं और उसके तार अंतरराष्ट्रीय जिहादी संगठनों से तो नहीं जुड़े हैं। एटीएस ने कहा कि फिलहाल पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले से जुड़े और खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *