02 फरवरी 2026 : उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। बारिश और ओलावृष्टि के बाद सोमवार को भी प्रदेश में मौसम अस्थिर बना रहेगा। कई इलाकों में काले बादल छाए रहेंगे, कुछ जगहों पर बारिश होगी, जबकि कई जिलों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाएगा। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के असर से अगले कुछ दिनों में तापमान में उतार–चढ़ाव देखने को मिलेगा।
सोमवार को कैसा रहेगा मौसम?
लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम केंद्र के अनुसार 2 फरवरी (सोमवार) को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 3 और 4 फरवरी को प्रदेश के दोनों हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
इन जिलों में छाएगा कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को इन जिलों में कोहरे की सफेद चादर तनी रह सकती है: शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, हापुड़, संभल, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया और संतकबीरनगर।
यहां हो सकती है हल्की बारिश
इन जिलों में बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है: आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, कानपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली और उन्नाव।
इन जिलों में खिली रहेगी धूप
पूर्वांचल के कुछ जिलों में मौसम साफ रहेगा और धूप निकलेगी:वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, आजमगढ़, गाजीपुर, जौनपुर, सोनभद्र, अमेठी, सुल्तानपुर और अयोध्या।
लखनऊ और नोएडा का हाल
लखनऊ:
– हल्के बादल छाए रहेंगे
– न्यूनतम तापमान: लगभग 12°C
– अधिकतम तापमान: लगभग 25°C
– अगले 24 घंटे में हल्का बदलाव संभव
नोएडा:
– काले बादल छाए रहेंगे
– हल्का कोहरा पड़ सकता है
– न्यूनतम तापमान: लगभग 10°C
-अधिकतम तापमान: लगभग 18°C
तापमान में उतार–चढ़ाव जारी
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, 5 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। अगले 3 दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
