• Sat. Nov 7th, 2026

जालंधर के गुरु नानक नगर में हुई फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा, शिकायतकर्त्ता गिरफ्तार

जालंधर 07 नवंबर 2026 : नागरा फाटक के साथ सटे गुरु नानक नगर में हुई फायरिंग पार्किंग के विवाद को लेकर नहीं बल्कि ड्रग मनी के कारण हुई थी। हालांकि शिकायतकर्त्ता ने ड्रग कारोबार को छिपाने के लिए झूठी जानकारी दी लेकिन मल्टीपल सोर्सिस से जांच में जुटी पुलिस ने आखिरकार सच्चाई सामने लाकर शिकायतकर्त्ता साहिल को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी देते ए.सी.पी. नॉर्थ करनैल सिंह ने बताया कि शुरू से ही साहिल के बयानों में विरोधाभास था। वह पहले पार्किंग के विवाद कारण फायरिंग करने की जानकारी देते रहा लेकिन जिसके साथ पार्किंग को लेकर विवाद हुआ उसके बारे कुछ नहीं बता रहा था। उन्होंने कहा कि सी.आई.ए. स्टाफ और थाना एक की टीमें कई पहलूओं पर जांच कर रही थी। ऐसे में पता लगा कि साहिल खुद ड्रग का धंधा करता था जिसका अपने पार्टनर के साथ ड्रग के ही पैसों का लेनदेन था। इसी के चलते दोनों ने एक-दूसरे के घर की महिलाओं को फोन करके गालियां निकाली थी और बाद में दूसरे पक्ष के व्यक्ति ने दो शूटर भेज कर साहिल की गाड़ी और घर पर फायरिंग करवा दी।

ए.सी.पी. ने कहा कि शुरूआत से ही साहिल पुलिस को गुमराह कर रहा था लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो साहिल ने अपना गुनाह कबूल लिया। उन्होंने कहा कि गोलियां चलाने वाले शूटर्स और उन्हें भेजने वाले साहिल के पार्टनर की पहचान कर ली गई है, जिनकी तलाश में लगातार रेड की जा रही है। उन्होंने कहा कि उक्त लोगों को भी जलद गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बता दें कि बुधवार रात साहिल पुत्र जनक राज निवासी गुरु नानक नगर के घर के बाहर खड़ी गाड़ी पर नकाबपोश दो बदमाशों ने गोलियां चला दी थी और फिर घर पर भी फायरिंग करके बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे। फायरिंग की सूचना इलाके के लोगों ने पुलिस को दी जिसके बाद ए.सी.पी. करनैल सिंह, थाना एक की पुलिस और सी.आई.ए. स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई थी। अगले दिन पुलिस बदमाशों का रूट ब्रेक करते हुए कपूरथला पहुंच गई थी। साहिल ने ड्रग कारोबारी छिपाने के लिए पुलिस को यह बयान दिए थे कि उसका पार्किंग को लेकर किसी के साथ विवाद हुआ था और उसी ने यह फायरिंग करवाई है। पुलिस ने साहिल के बयानों पर थाना एक में केस दर्ज कर लिया था। अब उसी केस में उसकी गिरफ्तारी डाली गई है। उधर थाना एक के प्रभारी अजमेर लाल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *