• Sat. Nov 7th, 2026

परविंदर झोटा का PGI में पोस्टमार्टम शुरू, 24 दिन तक फ्रीजर में रखा रहा शव, जानें देरी की वजह

चंडीगढ़/मानसा 07 नवंबर 2026 : नशों के खिलाफ मुहिम चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा का पोस्टमार्टम आज चंडीगढ़ स्थित पी.जी.आई. में शुरू हो गया है। 5 डॉक्टरों के पैनल द्वारा उनका पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा, जिसके बाद पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

परविंदर झोटा का शव वीरवार रात को ही पी.जी.आई. लाया गया था। हालांकि, पिछले 24 दिनों से फ्रीजर में रखे होने के कारण शव का तापमान सामान्य से काफी कम था। इसी वजह से वीरवार को डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया था। डॉक्टरों की टीम हर 2 घंटे बाद शव का तापमान जांच रही थी। वीरवार शाम को भी तापमान अनुकूल नहीं पाया गया, जिसके चलते पोस्टमार्टम नहीं हो सका। आज सुबह दोबारा जांच करने पर तापमान कुछ अनुकूल मिला, जिसके बाद डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।

अब पोस्टमार्टम के बाद परविंदर झोटा का शव अंतिम संस्कार के लिए मानसा ले जाया जाएगा। गौरतलब है कि उन्हें इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर मानसा में धरना लगाया गया था। परिवार की मांगें स्वीकार किए जाने के बाद अब पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *