• Wed. Nov 11th, 2026

पंजाब समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव कब होंगे? CBSE की डेटशीट ने बढ़ाई हलचल

लुधियाना 10 नवंबर 2026 : वर्ष 2027 में देश के 5 राज्यों पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनावों की संभावित तारीखों को लेकर अब सैंट्रल बोर्ड ऑफ सैकेंडरी एजुकेशन (सी.बी.एस.ई.) की डेटशीट भी चर्चा का विषय बन गई है। दरअसल सी.बी.एस.ई. ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू करने को लेकर दीवाली से 2 दिन पहले डेटशीट जारी कर दी है।

ऐसे में सवाल उठने लगा है कि क्या चुनाव आयोग इन 5 राज्यों में मतदान का कार्यक्रम जनवरी के मध्यांतर से लेकर फरवरी के पहले सप्ताह तक सीमित रख सकता है, ताकि चुनावी प्रक्रिया और बोर्ड परीक्षाओं के बीच टकराव की स्थिति न बने। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अभी चुनावी तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन सी.बी.एस.ई. की डेटशीट सामने आने के बाद शिक्षा और राजनीतिक हलकों में चुनावी कैलेंडर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माहिरों का मानना है उक्त राज्यों के स्टेट एजुकेशन बोर्ड को भी वार्षिक बोर्ड परीक्षा की डेट शीट सी.बी.एस.ई. के अनुसार ही बनानी पड़ेगी।

दरअसल विधानसभा चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाती है। चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हीं कर्मचारियों को अपने विभागीय कामकाज के साथ-साथ बोर्ड परीक्षाओं की जिम्मेदारी भी संभालनी होती है। ऐसे में फरवरी के मध्य से सी.बी.एस.ई. की परीक्षाएं शुरू होने के कारण चुनाव आयोग के सामने परीक्षा कार्यक्रम और चुनावी व्यवस्थाओं के बीच तालमेल बैठाने का पहलू भी महत्वपूर्ण हो सकता है।

बात अगर पंजाब की करें तो पंजाब में सी.बी.एस.ई. के साथ पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पी.एस.ई.बी.) की परीक्षाओं को लेकर भी यह स्थिति महत्वपूर्ण है। सरकारी स्कूलों के जिन शिक्षकों की विधानसभा चुनाव में ड्यूटी लगती है उनमें से ही बड़ी संख्या में शिक्षक पी.एस.ई.बी. की परीक्षाओं में सुपरिंटैंडैंट, डिप्टी सुपरिंटैंडैंट और परीक्षा स्टाफ की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में यदि चुनाव और बोर्ड परीक्षाएं आसपास होती हैं तो शिक्षकों की उपलब्धता और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। माना जा रहा है कि पी.एस.ई.बी. अपनी डेटशीट तैयार करते समय चुनावी कार्यक्रम को ध्यान में रख सकता है और फरवरी के दूसरे सप्ताह से परीक्षाएं शुरू करने की योजना बना सकता है।

2012 और 2017 में पहले चुनाव और फिर हुई थी बोर्ड परीक्षा

पंजाब के पिछले विधानसभा चुनावों और सी.बी.एस.ई. की परीक्षाओं की तारीखों पर नजर डालें तो एक दिलचस्प पैटर्न सामने आता है। वर्ष 2012 में पंजाब में 30 जनवरी को मतदान हुआ था जबकि सी.बी.एस.ई. की परीक्षाएं 1 मार्च से शुरू हुई थीं। वर्ष 2017 में भी 4 फरवरी को विधानसभा चुनाव हुए और सी.बी.एस.ई. की परीक्षाएं 9 मार्च से शुरू हुई थीं। दोनों ही वर्षों में चुनाव और बोर्ड परीक्षाओं के बीच लगभग एक महीने का अंतर रहा था। वर्ष 2022 में कोरोना महामारी के कारण सी.बी.एस.ई. ने परीक्षाओं को दो टर्म में आयोजित किया था। पहले टर्म की परीक्षाएं नवम्बर-दिसम्बर 2021 में और दूसरे टर्म की परीक्षाएं अप्रैल 2022 में हुई थीं। इसी दौरान पंजाब में 20 फरवरी 2022 को मतदान हुआ था। इस बार कोरोना जैसी परिस्थितियां नहीं हैं और परीक्षाएं सामान्य वार्षिक कार्यक्रम के तहत फरवरी में शुरू हो रही हैं।

पंजाब विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त होना है। ऐसे में फरवरी का महीना चुनाव आयोग के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। सी.बी.एस.ई. की 16 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाओं को देखते हुए फरवरी के पहले सप्ताह में मतदान करवाए जाने की संभावना पर चर्चा हो रही है। अब चुनाव आयोग की ओर से जारी होने वाली तारीखों पर सबकी निगाहें रहेंगी कि क्या चुनाव और बोर्ड परीक्षाओं के बीच पर्याप्त अंतर रखा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *