• Tue. Nov 10th, 2026

जहरीली हुई हवा! दिवाली पर रात 9  से तड़के 3 बजे तक गूंजते रहे पटाखे,  AQI 500 के पार

पंजाब 10 नवंबर 2026 : देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट और अन्य अदालतों की ओर से पटाखों से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए समय-समय पर कई तरह के आदेश जारी किए गए हैं। इनमें ग्रीन पटाखे चलाने, पटाखे चलाने के लिए सीमित समय तय करने और प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों पर प्रतिबंध लगाने जैसे निर्देश शामिल हैं। इसके बावजूद इस बार जालंधर में दिवाली के दौरान इन आदेशों की खुलेआम अनदेखी होती दिखाई दी। ऐसा लगा जैसे शहर में पटाखे चलाने को लेकर किसी तरह की कोई पाबंदी ही नहीं थी। 

सोमवार को उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पंजाब के कई शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (ए.क्यू.आई.) 300 के पार दर्ज किया गया। मंडी गोबिंदगढ़ में ए.क्यू.आई. 382, जालंधर में 327 और लुधियाना में 306 दर्ज किया गया। इसी तरह खन्ना में 274, अमृतसर में 244 और पटियाला में 201 का स्तर रहा। इन आंकड़ों में मंडी गोबिंदगढ़, जालंधर और लुधियाना की स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक रही, जहां हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई।  इसके साथ ही दिवाली की रात में गुरदासपुर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 1100 के खतरनाक आंकड़े तक पहुंच गया था, जबकि अगली सुबह यानी 9 नवंबर को यह 577 के बहुत ही गंभीर स्तर पर रिकॉर्ड किया गया। 

दिवाली वाली रात करीब 9 बजे से शुरू हुआ पटाखे चलाने का सिलसिला आधी रात के बाद भी नहीं रुका और तड़के 2- 3 बजे तक पटाखों की आवाजें लगातार गूंजती रहीं। कई घंटों तक पूरा शहर पटाखों के शोर से गूंजता रहा। आसमान में रंग-बिरंगी रोशनियों और पटाखों का धुआं छाया रहा। शहर के अलग-अलग इलाकों में देर रात तक पटाखे चलाए जाते रहे, लेकिन इन्हें रोकने या निर्धारित समय सीमा का पालन करवाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई होती दिखाई नहीं दी। 

ग्रीन पटाखों के नाम पर हुई केवल खानापूर्ति

इस बार भी ग्रीन पटाखों को लेकर जागरूकता और प्रचार का कोई खास असर दिखाई नहीं दिया। बाजारों और दिवाली की रात पटाखे चलाने के दौरान ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल मात्र 5 से 7 प्रतिशत के आसपास ही नजर आया। इसके मुकाबले ज्यादा धुआं फैलाने वाले और तेज आवाज करने वाले पटाखों की बिक्री भी खूब हुई और लोगों ने इन्हें जमकर चलाया। इससे साफ दिखाई दिया कि प्रदूषण रोकने के लिए जारी दिशा-निर्देशों को लेकर न तो पटाखा कारोबारियों ने गंभीरता दिखाई और न ही आम लोगों में इनका पालन करने को लेकर कोई खास चिंता नजर आई।

दीवाली की रात ए.क्यू.आई. 500 के पार पहुंचा

पटाखों के धुएं और लगातार बढ़ते प्रदूषण का असर जालंधर की हवा पर भी साफ दिखाई दिया। सूत्रों के मुताबिक दिवाली के आसपास के दिनों में शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) करीब 325 के आसपास रहा, जबकि दिवाली वाले दिन दोपहर के समय ही यह स्तर 325 को पार कर गया। रात को पटाखे चलने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई तथा दिवाली वाली रात जालंधर का ए.क्यू.आई. 500 के पार पहुंच गया। हवा में प्रदूषण का यह स्तर बेहद गंभीर और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक माना जाता है।

हालात यह रहे कि दीवाली के अगले दिन सोमवार को भी शहर की हवा में कोई खास सुधार नहीं हुआ। सुबह से ही वातावरण में प्रदूषण का असर महसूस किया गया और एक्यूआई का स्तर करीब 500 के आसपास बना रहा। सड़कों पर निकलने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। कई लोगों ने आंखों में जलन, गले में परेशानी और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की।

सांस के मरीजों के लिए ज्यादा परेशानी

प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ा, जिन्हें पहले से सांस संबंधी बीमारियां हैं। ऐसे लोगों के लिए दिवाली के बाद की हवा में सांस लेना भी मुश्किल हो गया। डॉक्टरों की ओर से पहले ही लोगों को प्रदूषण से बचने और जरूरत पड़ने पर मास्क लगाने की सलाह दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग बिना किसी सुरक्षा के खुले में घूमते दिखाई दिए। सोमवार सुबह कामकाज के लिए घरों से निकले लोगों को भी प्रदूषित हवा के कारण काफी परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह की सैर करने वाले और अपने रोजमर्रा के कामों के लिए बाहर निकलने वाले लोग भी वातावरण में फैले धुएं से परेशान नजर आए।

आदेश जारी करने तक सीमित न रहें प्रशासनिक प्रयास

दीवाली के दौरान जिस तरह निर्धारित समय के बाद भी कई घंटों तक पटाखे चलते रहे और ग्रीन पटाखों की जगह अधिक प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों का खुलकर इस्तेमाल हुआ, उससे प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सवाल यह है कि जब सुप्रीम कोर्ट और अन्य अदालतों की ओर से प्रदूषण रोकने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं तो फिर जालंधर में इनकी पालना करवाने के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए।

हर साल दीवाली के आसपास प्रदूषण को लेकर चेतावनियां जारी की जाती हैं और लोगों से कम प्रदूषण वाले पटाखे चलाने की अपील की जाती है, लेकिन केवल अपील और आदेश जारी करने से स्थिति नहीं बदलने वाली। जरूरत इस बात की है कि प्रशासन पहले से निगरानी की व्यवस्था करे, निर्धारित समय के बाद पटाखे चलाने वालों पर कार्रवाई करे और ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल को सुनिश्चित बनाए। अन्यथा हर साल दिवाली के बाद शहरवासियों को इसी तरह जहरीली हवा में सांस लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *