• Thu. Oct 29th, 2026

UP: गुरुद्वारे के बाहर मांस फेंककर माहौल बिगाड़ने की साजिश, 24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग

मेरठ 01 दिसंबर 2025 : उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार सुबह एक गुरुद्वारे के सामने मांस जैसे अवशेष मिलने से क्षेत्र में तनाव फैल गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि खबर के फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह और क्षेत्राधिकारी नवीना शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। 

अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और लोगों से बातचीत कर माहौल शांत कराया। अपराध शाखा की टीम को भी बाद में जांच के लिए बुला लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने मीडिया को बताया कि गुरुद्वारे के पास एक निर्माणाधीन मकान के निकट अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मांस फेंका गया था। उन्होंने बताया कि सुबह कॉलोनी के निवासियों ने इसे देखा और शोर मचाया, जिसके बाद सूचना पुलिस तक पहुंची। 

अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले कि असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने के इरादे से यह हरकत की है। सिंह ने बताया कि घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में थापरनगर गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा के महासचिव हरप्रीत सिंह की तहरीर पर संबंधित धाराओं में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *