लुधियाना 07 जून 2026 : महानगर के थाना जमालपुर के अधीन आती महावीर कॉलोनी (भामियां खुर्द) में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो सगे बेटों की रोज-रोज की प्रताड़ना, बदतमीजियों और लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों से तंग आकर एक 70 साल के बेबस बुजुर्ग पिता ने अपने ही घर में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर दोनों कलयुगी बेटों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का संगीन मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बुजुर्ग गुरदेव सिंह (70) के रूप में हुई है। पुलिस को रोते हुए दिए बयानों में मृतक की पत्नी किरन देवी ने बताया कि गुरदेव सिंह के पहली शादी से दो बेटे हैं, जिनके नाम लवप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह हैं। ये दोनों पहले अपने माता-पिता के मकान की पहली मंजिल पर ही रहते थे। किरन देवी के मुताबिक दोनों बेटों की गलत आदतों, हरकतों और बुरे कामों की वजह से परिवार बेहद परेशान था, जिसके चलते पिता गुरदेव सिंह ने तंग आकर उन्हें अपने घर से बाहर निकाल दिया था। लेकिन घर से बेदखल होने के बाद भी दोनों भाइयों की हेकड़ी कम नहीं हुई। वर्तमान में तरनतारन के बाबा जीवन सिंह नगर (पट्टी) में रह रहे दोनों आरोपी बेटे वापस आए और मकान खाली करवाने के लिए अपने बुजुर्ग माता-पिता पर खौफनाक दबाव बनाना शुरू कर दिया।
पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपी बेटों ने हदें पार करते हुए उनके घर को आग लगाने और उन्हें जिंदा जान से मारने की सरेआम धमकियां दीं। बुढ़ापे के मोड़ पर सगे बेटों द्वारा दी जा रही इन खौफनाक धमकियों और भयानक मानसिक प्रताड़ना को बुजुर्ग पिता बर्दाश्त नहीं कर पाया। इसी गहरे सदमे, मानसिक तनाव और बदनामी के दुख के चलते गुरदेव सिंह ने बीते दिन 6 जून को अपने ही मकान की छत के गाडर से फंदा लगा लिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना जमालपुर की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने किरन देवी की शिकायत पर आरोपी भाइयों लवप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों को दबोचने के लिए छापेमारी की जा रही है।
