लुधियाना 07 जून 2026 : महानगर में फर्जी दस्तावेज तैयार कर बोगस फर्में बनाने, फर्जी बिलिंग का खेल खेलने और सरकारी खजाने को चूना लगाने वाले जालसाजों के खिलाफ आबकारी एवं कर विभाग (Excise and Taxation Department) तथा पुलिस ने मिलकर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। विभाग के स्टेट टैक्स अफसरों (STO) की गहन जांच के बाद शहर में सक्रिय 5 बड़ी बोगस फर्मों के खिलाफ जालसाजी और सरकार के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के संगीन मामलों के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज की गई हैं। शातिरों ने सोची-समझी साजिश के तहत अन्य लोगों के मोबाइल नंबरों और बैंक खातों का गलत इस्तेमाल कर जाली दस्तावेजों के सहारे जीएसटी नंबर हासिल किए और फिर फर्जी बिलों (Fake Invoices) के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत लाभ उठाकर सरकारी खजाने को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाया।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पहले दो मामले स्टेट टैक्स ऑफिसर (STO) अरुण कुमार जैन (कार्यालय ACST लुधियाना-1) की शिकायत पर दर्ज किए गए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मान कॉलोनी स्थित ‘M/s Pooja Enterprises’ (GSTIN: 03KPYPK1135P1Z5) और महा सिंह नगर, मेन डाबा रोड स्थित ‘M/s Shree Radhey Trading Co’ (GSTIN: 03EGUPR6338Q1ZA) के नाम पर जाली दस्तावेज तैयार किए थे। इन दोनों फर्मों को खड़ा करने के लिए किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल नंबर और बैंक खाते का अवैध रूप से इस्तेमाल किया गया और फिर फर्जी बिलिंग के जरिए सरकार को मोटा चूना लगाया गया।
तीसरा मामला स्टेट टैक्स ऑफिसर (STO) विनोद तक्खी (कार्यालय ACST लुधियाना) की शिकायत पर सामने आया है। इसमें जालसाजों ने बसंत नगर लोहारा, गली नंबर-3 स्थित ‘M/s Sitam Enterprises’ (GSTIN: 03SEIPS9669H1ZE) नामक बोगस फर्म तैयार की थी। इस फर्म के लिए भी जाली दस्तावेजों, दूसरे व्यक्ति के मोबाइल नंबर और बैंक अकाउंट का इस्तेमाल कर जीएसटी नंबर हासिल किया गया था।
इसके अलावा, चौथा नया मामला स्टेट टैक्स ऑफिसर (STO) लुधियाना की शिकायत संख्या 1465-PC (दिनांक 06.06.2026) के आधार पर दर्ज किया गया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने शिमलापुरी की गली नंबर-14 स्थित ‘M/S गणपति पैकर्स इंडस्ट्रियल’ (GSTIN: 03IMTPK1508Q1ZF) नामक फर्म के नाम पर एक गहरी साजिश रची थी। इस फर्म को भी पूरी तरह से जाली और फर्जी दस्तावेजों के सहारे खड़ा किया गया था।
वहीं पांचवां बड़ा भंडाफोड़ स्टेट टैक्स ऑफिसर (STO) लुधियाना की शिकायत संख्या 12030/B (दिनांक 03-06-2026) और 1473/PC (दिनांक 06-06-2026) के बाद हुआ है। पुलिस ने ढोलेवाल के पास प्रभात नगर, गली नंबर-7 स्थित ‘मैसर्ज बैनीपाल इंडस्ट्रीज’ (M/S Benipal Industries) के खिलाफ भी धोखाधड़ी का मुकद्दमा दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि जालसाजों ने इस ठिकाने पर भी साजिश के तहत जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके बोगस तरीके से जीएसटी नंबर हासिल किया था। इन सभी मामलों को मिलाकर आबकारी विभाग की मुस्तैदी ने टैक्स चोरों के पूरे नेटवर्क को हिलाकर रख दिया है और पुलिस अब इन बोगस फर्मों के पीछे छिपे मुख्य मास्टरमाइंड्स को दबोचने के लिए छापेमारी कर रही है।
