तरनतारन, 17 सितंबर:
डिप्टी कमिश्नर तरनतारन श्री राहुल के दिशा-निर्देशों के तहत जनगणना-2027 के दूसरे फेज के कार्य के लिए चार्ज अधिकारियों की दो दिवसीय ट्रेनिंग का औपचारिक उद्घाटन आज अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर डॉ. आदित्य शर्मा द्वारा किया गया। इस ट्रेनिंग कार्यक्रम में जिले के सभी तहसीलदारों और नगर पालिकाओं के कार्यकारी अधिकारियों तथा उनके तकनीकी सहायकों सहित जनगणना कर्मचारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को ट्रेनिंग प्रदान करने के लिए जनगणना विभाग, पंजाब द्वारा नियुक्त जिला कोऑर्डिनेटर हितांशु और उप अर्थ एवं सांख्यिकी सलाहकार, तरनतारन डॉ. अमनदीप सिंह सैनी ने विशेष रूप से शिरकत की।
इस दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर डॉ. आदित्य शर्मा ने बताया कि पंजाब में जनगणना का दूसरा फेज 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगा, जबकि रिवीजन फेज 5 जनवरी 2027 से 9 जनवरी 2027 तक पूरा होगा।
उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर से गणनाकार घर-घर जाकर डाटा एकत्र करेंगे, जिसमें लगभग 40 सवाल पूछे जाएंगे और यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। उन्होंने यह भी बताया कि 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक सेल्फ-इन्यूमरेशन के लिए पोर्टल सभी नागरिकों के लिए खुला रहेगा। इसके तहत कोई भी नागरिक स्वयं अपनी जनगणना की जानकारी दर्ज कर सकेगा।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने जिले के नागरिकों से अपील की कि सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्य में अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जाए। उन्होंने बताया कि जनगणना के तहत नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। इसलिए नागरिक गणनाकारों को सही आंकड़े ही उपलब्ध करवाएं।
उन्होंने यह भी बताया कि गणनाकारों को सरकार की ओर से आईडी कार्ड जारी किया जाएगा, जिस पर क्यूआर कोड दर्ज होगा। इस क्यूआर कोड के माध्यम से कोई भी नागरिक संबंधित गणनाकार की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेगा।
