• Sun. Jun 14th, 2026

मोहाली में सनसनी, झामपुर के जंगलों में मिला 22 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव; शरीर पर चाकू के निशान

मोहाली 14 जून 2026 : झामपुर स्थित सिंधु एन्क्लेव के नजदीक जंगल इलाके में रविवार रात 22 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चाकू के कई घाव मिले हैं। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान मलोया स्थित चार मंजिला फ्लैट्स के रहने वाले 23 वर्षीय दीपक के रूप में बताई जा रही है।

शव झामपुर से मलोया जाने वाले कच्चे रास्ते पर पड़ा मिला। पुलिस जांच कर रही है कि युवक झामपुर इलाके में क्या करने आया था और उसकी हत्या किन परिस्थितियों में की गई। युवक आखिरी बार किन लोगों के साथ देखा गया था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

घटनास्थल जंगलनुमा क्षेत्र में होने के कारण पुलिस के सामने कई चुनौतियां हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मृतक की गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को मोहाली फेज-6 अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

ऑटो चालक ने देखा कच्चे रास्ते पर शव

झामपुर निवासी ऑटो चालक विक्की रात करीब 9:30 बजे वहां से गुजर रहा था। उसने सड़क पर सफेद रंग की कोई वस्तु पड़ी देखी। नजदीक जाकर देखने पर एक युवक पड़ा दिखाई दिया। पहले उसे लगा कि शायद कोई व्यक्ति शराब के नशे में सड़क किनारे पड़ा है।

विक्की के अनुसार जब उसने टॉर्च की रोशनी डाली तो युवक के शरीर पर खून दिखाई दिया। यह देखकर वह घबरा गया। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को बुलाया और रात करीब 9:40 बजे कंट्रोल रूम पर सूचना दी। कुछ ही देर में इलाके के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।

50 मिनट देरी से पहुंची पुलिस, गाड़ी में बैठे रहे एसएचओ

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंट्रोल रूम को सूचना दिए जाने के बावजूद बलौंगी थाना पुलिस करीब 10:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। लोगों का कहना है कि हत्या जैसे गंभीर मामले में पुलिस की प्रतिक्रिया अपेक्षा के अनुरूप तेज नहीं रही। टीम के पहुंचने के काफी देर बाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पैरिविंकल ग्रेवाल भी मौके पर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद इंस्पेक्टर करीब आधे घंटे तक गाड़ी स्टार्ट करके उसमें बैठे रहे और फोरेंसिक टीम का इंतजार करते रहे। इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद लोग पुलिस कार्रवाई शुरू होने की प्रतीक्षा करते रहे।

तीन घंटे बाद पहुंची फोरेंसिक टीम

घटना की सूचना रात में मिलने के बावजूद फोरेंसिक टीम करीब 12:40 बजे मौके पर पहुंची। इसके बाद घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों और आरोपितों तक पहुंचने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।

– कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बावजूद पुलिस को पहुंचने में करीब 50 मिनट क्यों लगे?
– हत्या जैसे गंभीर मामले में फोरेंसिक टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में लगभग तीन घंटे क्यों लगे?
– घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू करने की बजाय इंतजार क्यों किया?
– क्या शुरुआती देरी से अहम सुराग प्रभावित हुए?

इन बिंदुओं की जांच कर रही पुलिस

– मृतक झामपुर इलाके में किससे मिलने आया था?
– हत्या कहीं और कर शव यहां फेंका गया या वारदात इसी स्थान पर हुई?
– युवक आखिरी बार किन लोगों के साथ देखा गया था?
– आसपास के सीसीटीवी कैमरों में क्या कोई संदिग्ध गतिविधि कैद हुई है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *