09 अगस्त 2026 : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज जालंधर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह श्री गुरु रविदास जी की बाणी और विचारधारा से जुड़े बाणी अध्ययन केंद्र की नींव रखेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और ट्रैफिक के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए बल्लां से नौगज्जा तक के रूट को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन और अन्य उड़ने वाले उपकरणों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से पूरे इलाके में निगरानी बढ़ाई गई है।
श्री गुरु रविदास जी से जुड़े इस अध्ययन केंद्र का उद्देश्य उनकी बाणी, शिक्षाओं और विचारधारा पर अध्ययन एवं शोध को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। लोगों से प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
जालंधर में होने वाला यह कार्यक्रम श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और सामाजिक संदेश को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
