मुंबई 19 अप्रैल 2026 : राज्य के पश्चिम महाराष्ट्र (खासकर घाट क्षेत्रों), खानदेश, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में 20 से 22 अप्रैल के बीच दोपहर बाद बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान बिजली कड़कने के साथ कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 19 अप्रैल को पश्चिम महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, उत्तर खानदेश और दक्षिण मराठवाड़ा के कुछ इलाकों में दोपहर बाद बारिश हो सकती है। 20 और 21 अप्रैल को बारिश का दायरा बढ़ने के संकेत हैं, जिससे पुणे क्षेत्र, मराठवाड़ा (खासकर दक्षिण भाग और छत्रपति संभाजीनगर क्षेत्र) और विदर्भ (मुख्य रूप से अमरावती क्षेत्र) में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
वहीं, विदर्भ में गर्मी का प्रकोप जारी है। वर्धा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा है। नागपुर में 44.2, अकोला में 43.3, अमरावती में 44.0, चंद्रपुर में 43.4, गोंदिया में 43.2 और यवतमाल में 43.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है।
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि तेज गर्मी को देखते हुए लोग दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें। वहीं, पश्चिम विदर्भ के बुलढाणा, अकोला, अमरावती, वाशीम और यवतमाल में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जबकि नागपुर और पूर्वी विदर्भ में फिलहाल बारिश के आसार कम हैं।
