• Wed. Nov 18th, 2026

दिल्ली में प्रदूषण के नए हॉटस्पॉट बने ITO और नॉर्थ कैंपस, टॉप-10 में पांच नए इलाके शामिल

17 नवंबर 2026 :  राजधानी दिल्ली में सर्दियों की शुरुआत के साथ वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर होती जा रही है। इस बार प्रदूषण के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों की सूची में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दिल्ली के पारंपरिक प्रदूषण हॉटस्पॉट के साथ अब शैक्षणिक संस्थानों और व्यस्त यातायात वाले क्षेत्रों में भी प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU), दिल्ली विश्वविद्यालय का नॉर्थ कैंपस और ITO जैसे इलाके इस सीजन में राजधानी के 10 सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में शामिल हो गए हैं।

सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के विश्लेषण के अनुसार, 2026-27 के सर्दियों के मौसम में 13 नवंबर तक दर्ज किए गए आंकड़ों में दिल्ली के पांच नए निगरानी केंद्र शीर्ष 10 प्रदूषित इलाकों में पहुंचे हैं। इनमें ITO, DTU, पूसा (IITM), सोनिया विहार और नॉर्थ कैंपस शामिल हैं। इन इलाकों में पिछले पांच सर्दियों के दौरान कोई भी निगरानी केंद्र लगातार शीर्ष 10 में शामिल नहीं रहा था।

इस विश्लेषण में अक्टूबर से फरवरी के दौरान अलग-अलग निगरानी केंद्रों पर दर्ज औसत PM2.5 स्तरों की तुलना की गई है। आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली में प्रदूषण का प्रभाव अब केवल औद्योगिक और पुराने प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और व्यस्त सड़कों के आसपास भी इसका असर दिखाई दे रहा है।

जहांगीरपुरी सबसे प्रदूषित, ITO तीसरे स्थान पर

CREA के आंकड़ों के अनुसार, जहांगीरपुरी 160 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर औसत PM2.5 स्तर के साथ दिल्ली का सबसे प्रदूषित इलाका रहा। इसके बाद पंजाबी बाग 156 माइक्रोग्राम के साथ दूसरे स्थान पर रहा। ITO ने 152 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के औसत स्तर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

विवेक विहार 148 माइक्रोग्राम के साथ चौथे, जबकि दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) 145 माइक्रोग्राम के साथ पांचवें स्थान पर रही। रोहिणी 144 माइक्रोग्राम के साथ छठे स्थान पर दर्ज किया गया।

इसके अलावा पूसा (IITM) में 141 माइक्रोग्राम, सोनिया विहार में 139 माइक्रोग्राम, नॉर्थ कैंपस में 139 माइक्रोग्राम और आरके पुरम में 138 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर औसत PM2.5 दर्ज किया गया।

इन सभी 10 निगरानी केंद्रों पर PM2.5 का औसत स्तर 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक रहा। इससे राजधानी में वायु प्रदूषण के व्यापक प्रभाव का पता चलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *