• Wed. Nov 18th, 2026

योगी के गढ़ गोरखपुर में अखिलेश यादव का रोड शो, PDA रथ से निकले सपा प्रमुख, बुलडोजर से हुआ स्वागत

18 नवंबर 2026 :  उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर में रोड शो किया। अखिलेश यादव पीडीए रथ पर सवार होकर समर्थकों के बीच पहुंचे। इस दौरान जगह-जगह समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए बुलडोजर भी खड़े किए गए थे।

अखिलेश यादव करीब तीन साल बाद गोरखपुर पहुंचे। वह दोपहर करीब 12:50 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। एयरपोर्ट से निकलने के बाद वह विशेष रूप से तैयार किए गए पीडीए रथ पर सवार हुए और चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के देवकही गांव के लिए रवाना हुए।

उनका रोड शो गोरखपुर एयरपोर्ट से देवकही गांव तक करीब 20 किलोमीटर लंबा रहा। रास्ते में कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। कुछ स्थानों पर अखिलेश यादव के स्वागत के लिए बुलडोजर भी लगाए गए थे। एक बुलडोजर पर सपा प्रमुख का पोस्टर भी लगाया गया था।

रोड शो के दौरान समाजवादी पार्टी के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। पार्टी कार्यकर्ता पीडीए रथ के साथ चलते नजर आए। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम चौरीचौरा क्षेत्र के देवकही गांव में आयोजित किया गया। यहां वह 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे। इसके बाद वह पूर्व छात्रनेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर अखिलेश यादव जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उनके दौरे को समाजवादी पार्टी की पूर्वांचल में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

हरिशंकर तिवारी के परिवार से भी करेंगे मुलाकात

गोरखपुर दौरे के दौरान अखिलेश यादव पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी के परिवार से भी मुलाकात करेंगे। इसके लिए उनके कार्यक्रम में जटाशंकर स्थित तिवारी हाता को शामिल किया गया है। यहां उनकी मुलाकात पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से प्रस्तावित है।

राजनीतिक दृष्टि से अखिलेश यादव का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी पूर्वांचल में अपनी संगठनात्मक मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश कर रही है। वहीं, गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जिला होने के कारण इस रोड शो पर राजनीतिक हलकों की विशेष नजर रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *