• Sat. Aug 1st, 2026

पंजाब के स्टूडेंट्स के लिए बड़ी खबर, 6वीं से 10वीं तक छुट्टियों में बदलाव

चंडीगढ़ 12 जून 2025 : पंजाब के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे गर्मी की छुट्टियों के दौरान होमवर्क के साथ-साथ प्रोजेक्ट पर भी काम करेंगे। छुट्टियों के दौरान बच्चे अनुभवात्मक शिक्षा हासिल करेंगे। घर की रसोई से निकलने वाले कूड़े से लेकर हर कमरे में इस्तेमाल होने वाली बिजली के रिकार्ड के साथ-साथ एक दिन में घर के कामों मे इस्तेमाल होने वाले पानी का मात्रा का भी हिसाब-किताब बच्चों को तैयार करना होगा। इतना ही नहीं, बच्चों को घर के बगीचे में गमलों में न सिर्फ पानी डालना होगा, बल्कि उन पौधों के पल-पल के विकास को तस्वीरों के साथ रिकॉर्ड भी करना होगा।   

घर पर दादा-दादी के पैर छूने से लेकर नाना-नानी का हाल-चाल जानने की तहजीब भी बच्चे छुट्टियों में सीखेंगे। बच्चों को अपनी मां के साथ घरेलू कामों में हाथ बांटना है और छोटे  भाई-बहनों को कहानियां भी सुनानी हैं। पंजाब के राज्य शिक्षा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण आयोग (एस.सी.ई.आर.टी) ने 6वीं से 10वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को छुट्टियों के दौरान होमवर्क के साथ-साथ कुछ विशेष प्रकार के प्रोजेक्ट भी पूरे करने को दिए हैं। 

शिक्षा विभाग ने 10वीं कक्षा के बच्चों के लिए मोबाइल फोन, टीवी ने वीडियो गेम के लिए स्क्रीन टाइम का ब्यौरा बनाने का प्रोजेक्ट सौंपा है और बच्चों को एक हफ्ते के दौरान हर दिन के स्क्रीन टाइम का रिकॉर्ड बना कर खुद ही उसका मूल्यांकन करने के लिए कहा है और पूछा है कि बच्चे हैल्दी स्क्रीन टाइम अपना रहे हैं या नहीं?  अगर बच्चे दिन में 2 घंटे से ज्यादा स्क्रीन टाइम बिता रहे हैं तो उन्हें 3 ऐसे तरीके भी बताने होंगे जिससे वो अपना स्क्रीन टाइम कम कर सकते हैं। बच्चों को लू से बचने में सनस्क्रीन, चश्मे, पानी और छाते की भूमिका पर प्रकाश डालने वाला एक पोस्टर बनाना होगा।

बच्चों को छुट्टियों के दौरान फलों की चाट और खीरे के सैंडविच बनाने को कहा गया है ताकि वे रसोई में अपनी माताओं की मदद कर सकें। बच्चों को दिन में एक बार नेकी का काम करने के लिए कहा जाता है, जैसे अपनी दादी या मां के पैर की मालिश करना या अपने दादा या दादी का हाथ पकड़कर उन्हें सैर पर ले जाना, तथा इन कार्यों को एक डायरी में लिखने को कहा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed