सुल्तानपुर लोधी 16 अगस्त 2026 : सुल्तानपुर लोधी-जब्बोवाल मार्ग पर स्थित एक राइस मिल में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कुएं की खुदाई के दौरान 3 मजदूर 25 फीट गहरे गड्ढे में गिर गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार मजदूर राइस मिल में करीब 5 फीट चौड़ा और 25 फीट गहरा कुआं खोद रहे थे। इस दौरान अचानक बैलेंस बिगड़ने से तीनों मजदूर कुएं में गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन, सेहत विभाग और दूसरी राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद तीनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की।
सिविल अस्पताल के डॉ. अर्पण संगर ने बताया कि अस्पताल लाए गए तीनों मजदूरों की हालत बिल्कुल ठीक है और वे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी मजदूर हरियाणा के सिरसा जिले के गांव रोड़ी के रहने वाले हैं। अच्छी बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
घटना के बाद पीड़ित मजदूरों के साथी गुरसेवक सिंह ने बताया कि हादसा अचानक हुआ, लेकिन प्रशासन की तुरंत कार्रवाई की वजह से बड़ा हादसा टल गया। वहीं ड्यूटी ऑफिसर महावीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीमों को मौके पर भेजा गया और समय पर की गई कार्रवाई की वजह से तीनों मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया।
