• Thu. Sep 24th, 2026

जालंधर बाईपास पर फिल्मी अंदाज में वारदात, युवक की बहादुरी से लुटेरे रह गए दंग

लुधियाना 19 अप्रैल 2026 : महानगर में बेखौफ घूम रहे लुटेरों ने एक बार फिर आतंक मचाने की कोशिश की, लेकिन इस बार उनका पाला एक निडर युवक से पड़ गया। जालंधर बाईपास के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक को घेरकर उसकी कार छीनने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। मगर युवक ने ऐसी बहादुरी दिखाई कि लुटेरों को अपनी जान बचाने के लाले पड़ गए। हालांकि इस मामले में थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ध्रुव छाबड़ा ने 18 अप्रैल को मनाली के लिए रवाना होना था। वह अपनी सफेद रंग की किया सोनेट कार नंबर PB10HC-0092 में सवार होकर अपने दोस्त प्रिंस के घर जा रहा था ताकि वहां से अपनी जैकेट ले सके। जब ध्रुव ग्रीन लैंड स्कूल के करीब बाबा सफेद शाह जगह के पास पुल पर पहुंचा, तो अचानक पीछे से आए स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने फिल्मी अंदाज में अपनी बाइक उसकी कार के आगे अड़ा दी। सूनसान रास्ता देख बदमाशों ने ध्रुव को डरा-धमकार कार से नीचे उतारने और गाड़ी छीनने की कोशिश की। लेकिन 18 वर्षीय ध्रुव ने घबराने के बजाय अपनी सूझबूझ का परिचय दिया। जैसे ही लुटेरे कार के करीब आए, ध्रुव ने तेजी से एक्सीलेटर दबाया और लुटेरों की मोटरसाइकिल को जबरदस्त टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हमले से बदमाश संभल नहीं पाए और ध्रुव अपनी कार को सुरक्षित भगा ले जाने में कामयाब रहा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *