गुड़गांव 10 नवंबर 2026 : दीवाली की रात पटाखों की चिंगारी और आतिशबाजी ने हरियाणा के कई जिलों में भारी तबाही मचाई। पूरे प्रदेश से आगजनी की करीब 200 घटनाएं सामने आईं। इस दौरान गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 12 स्थानों पर भीषण आग लगी, जबकि पटौदी में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में आग लगने से चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। सोनीपत के बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित जूसर-मिक्सर बनाने वाली फैक्ट्री सहित रेवाड़ी, अम्बाला, हिसार, करनाल और कुरुक्षेत्र में आगजनी से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
गुरुग्राम में दमकल विभाग रातभर दौड़ता रहा, पटौदी में दर्दनाक हादसा
गुरुग्राम शहर और आसपास के इलाकों में स्थित घरों, दुकानों, कबाड़ के गोदामों और सोरखावटी के फ्लैटों में आग लगने की खबरें आईं। दमकल गाड़ियों ने 200 से अधिक चक्कर लगाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल अधिकारी नरेंद्र यादव के अनुसार, पटौदी में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है।
सोनीपत की फैक्ट्री में भीषण आग, कई जिलों से बुलानी पड़ीं गाड़ियाँ
सोनीपत: बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित ‘नॉर्थ वेस्ट इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड’ (जूसर-मिक्सर निर्माण फैक्ट्री) में भीषण आग भड़क उठी। आग पर काबू पाने के लिए सोनीपत के अलावा पानीपत से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ बुलानी पड़ीं। रेवाड़ी में आगजनी की 13 घटनाएं हुईं, जिनमें कड़वी (चारे) के ढेर और कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। अम्बाला छावनी के लालकुर्ती बाजार स्थित होटल, हिसार के पारिजात चौक पर साइकिल स्टोर तथा पिहोवा और करनाल में भी आग से भारी नुकसान हुआ।
