• Mon. Nov 9th, 2026

विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण की छुपी प्रतिभा आई सामने, दीपावली पर परिवार संग बनाई शानदार रंगोली

चंडीगढ़ 09 नवंबर 2026 :  किसी व्यक्ति के भीतर यदि कोई प्रतिभा छिपी हो तो वह कभी न कभी सामने आ ही जाती है। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण को प्रदेश की राजनीति में एक कुशल, सहज और व्यवहार कुशल व्यक्तित्व के रूप में जाना जाता है।

विधानसभा में अपने प्रभावशाली संबोधन और विभिन्न विषयों पर गंभीरता से अपनी बात रखने वाले हरविंदर कल्याण की एक अलग प्रतिभा भी इस दीपावली पर देखने को मिली। राजनीति की व्यस्तताओं के बीच उन्होंने अपने परिवार के साथ दीपावली का त्योहार मनाते हुए शानदार रंगोली बनाई। उनकी इस कलात्मक प्रतिभा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं और लोग उनके इस अलग अंदाज की सराहना कर रहे हैं।

दीपावली के अवसर पर हरविंदर कल्याण अपने परिवार के साथ कल्याण फार्म हाउस में मौजूद रहे। यहां उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर घर को सजाया और पारंपरिक तरीके से दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने रंगों के सुंदर संयोजन से आकर्षक रंगोली तैयार की। आमतौर पर राजनीतिक मंचों, विधानसभा की कार्यवाही और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय नजर आने वाले विधानसभा अध्यक्ष का यह रचनात्मक रूप लोगों के लिए खास रहा।

इस अवसर पर उनके बड़े भाई देवेंद्र कल्याण, भाभी सुनीता कल्याण, धर्मपत्नी रेशमा कल्याण, बेटी आयशाना सहित पूरा परिवार मौजूद रहा। परिवार के सदस्यों ने मिलकर दीपावली की खुशियों को साझा किया। हरविंदर कल्याण की रंगोली ने त्योहार के पारंपरिक रंगों में एक अलग ही आकर्षण जोड़ दिया।

इंजीनियरिंग से राजनीति तक का सफर
घरौंडा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर हैट्रिक लगाने वाले हरविंदर कल्याण पेशे से इंजीनियर हैं। उन्होंने वर्ष 1989 में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की थी। लगभग तीन दशक से अधिक समय से वह राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अपनी सहज कार्यशैली, संगठनात्मक क्षमता और जनसंपर्क के कारण उन्होंने राजनीति में अलग पहचान बनाई है।

हरविंदर कल्याण का व्यक्तित्व केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। वह अपने कामों को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध रखते हैं और उन्हें पूरा करवाने के लिए आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल करते हैं। शांत स्वभाव और सहज व्यवहार के बावजूद अपने दायित्वों के प्रति उनकी गंभीरता स्पष्ट दिखाई देती है। लोगों से मिलना, उनकी समस्याओं को सुनना और समाधान की दिशा में प्रयास करना उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा माना जाता है।

परिवार में भी रचनात्मकता का माहौल
हरविंदर कल्याण की धर्मपत्नी रेशमा कल्याण लेखिका हैं। उनकी बेटी आयशाना एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) का संचालन करती हैं, जिसके माध्यम से ग्रामीण शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य किया जाता है। परिवार के सदस्य सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं।

दीपावली पर रंगोली बनाते हुए हरविंदर कल्याण की तस्वीरें उनके व्यक्तित्व के एक नए पहलू को सामने लाती हैं। राजनीति की व्यस्त दिनचर्या के बीच परिवार के साथ समय बिताना, परंपराओं को निभाना और कला के प्रति रुचि प्रदर्शित करना उनके सहज स्वभाव को दर्शाता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन तस्वीरों के माध्यम से लोगों को विधानसभा अध्यक्ष का एक ऐसा रूप देखने को मिला है, जो राजनीतिक मंचों से अलग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *