• Wed. Sep 30th, 2026

हरियाणा के सरकारी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, जर्जर इमारतों की जगह बनेंगे आधुनिक वर्टिकल भवन

चंडीगढ़ 28 जून 2026 : हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों की खस्ताहाल बिल्डिंग को गिराकर नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाए, नए बनने वाले भवन न सिर्फ आकर्षक हों, साथ ही यह वर्टिकल रूप में हों। बाकी जगह का इस्तेमाल बच्चों के लिए प्ले ग्राऊंड के रूप में हो। 

इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग को सख्त हिदायत दी कि गमों की छुट्टियां खत्म होने के बाद प्रदेश के किसी भी खस्ताहाल बिल्डिंग में बच्चों की क्लास न लगे, उन्हें आसपास के सरकारी भवन या दूसरे स्कूलों में तब तक शिफ्ट किया जाए, जब तक नए भवन का निर्माण नहीं हो जाता। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री सैनी शनिवार को हरियाणा निवास में सी. एम. जी. जी. ए. तथा वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (सी.एम.जी. जी.ए.) ने प्रदेश के अलग-अलग स्कूलों तथा जल परियोजनाओं का अवलोकन करने के बाद अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की थी। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में उपलब्ध साइंस लैब, कम्प्यूटर लैब तथा अन्य सुविधाएं बच्चों को सुचारु रूप से मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्कूलों में ड्यूल डैक्स जल्द उपलब्ध करवाने को भी कहा।

इस बीच उन्होंने स्कूलों में पुराने हो चुके कम्प्यूटर तथा अन्य उपकरणों की भी एक माह के अंदर नीलामी इत्यादि की प्रक्रिया को पूरा करवाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्कूलों को नई बिल्डिंग की जरूरत है, उनका निर्माण कार्य तेजी से किया जाए, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। 

रिपोर्ट तलब की, जवाबदेही सुनिश्चित होगी

मुख्यमंत्री सैनी के समक्ष सी.एम. जी.जी.ए. द्वारा दिखाई गई रिपोर्ट के आधार पर जिन स्कूलों में खामियां मिली है, उनकी रिपोर्ट तलब की गई है। बाकायदा डी.ई.ओ. से लेकर सभी की जवाबदेही सुनिश्चित करने के मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए है। इसके साथ ही क्लास-ए के अधिकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण भी करेंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के तमाम स्कूलों के प्रिंसीपल अथवा मुख्य अध्यापको की वहां व्यवस्था इत्यादि बनाए रखने की जवाबदेही तय हो, अगर किसी स्कूल में खामी मिलती है तो उस संबंध में तुरंत एक्शन लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरियाणा में जिन गांवों में महाग्राम योजना के कार्य चल रहे हैं, उनमें एस. टी. पी. पर मुख्य रूप से फोकस किया जाए। उनके निर्माण, कनैक्शन इत्यादि का कार्य समय रहते पूरा हो। साथ ही आने वाले दिनों में बारिश के मद्देनजर हेन तथा सीवरेज इत्यादि की सफाई करवाने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *