• Sat. Aug 15th, 2026

फिरोजपुर में आज राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, मुख्यमंत्री भगवंत मान फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज

फिरोजपुर 15 अगस्त 2026 : फिरोजपुर में आज राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। कैंटोनमेंट बोर्ड स्टेडियम में होने वाले मुख्य समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सुबह 8:58 बजे पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं। समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन की ओर से जिले भर में विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की गई है। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध वाहनों तथा व्यक्तियों की जांच की जा रही है। कैंटोनमेंट बोर्ड स्टेडियम और इसके आसपास के क्षेत्र में भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से समारोह स्थल पर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान मुख्य समारोह में पहुंचने से पहले हुसैनीवाला राष्ट्रीय शहीद स्मारक पर जाएंगे। यहां वह देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद वह कैंटोनमेंट बोर्ड स्टेडियम पहुंचकर राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री परेड का निरीक्षण करेंगे और मार्चपास्ट की सलामी लेंगे। विभिन्न विभागों की ओर से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली शख्सियतों को सम्मानित किए जाने की भी संभावना है।

उधर, समारोह को लेकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी पुलिस की ओर से विशेष प्रबंध किए गए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फोटो: समारोह स्थल पर सुरक्षा का जायजा लेते हुए एसएसपी भूपिंदर सिंह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *