लुधियाना 27 सितंबर, 2026 : महिला से दुष्कर्म के आरोप में नामजद एसजीपीसी के पूर्व सदस्य अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ पंजाब पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस की एक टीम ने लुधियाना के माडल टाउन एक्सटेंशन स्थित चावला के घर पर अचानक छापेमारी की।
रेड के दौरान चावला घर पर नहीं मिले। इसके बाद पुलिस टीम घर के अंदर मौजूद उनकी पत्नी से पूछताछ करती रही।
जानकारी के अनुसार अमरजीत सिंह चावला का घर माडल टाउन एक्सटेंशन में वीआईपी लेन के पास स्थित है। यह कार्रवाई आनंदपुर साहिब की पुलिस की ओर से की गई है।
धार्मिक यात्रा पर आई थी महिला
एफआइआर के अनुसार पीड़ित महिला पिछले करीब 25 वर्षों से बहरीन में रह रही है और मूल रूप से मालवा क्षेत्र से संबंधित है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह धार्मिक यात्रा के दौरान श्री आनंदपुर साहिब आई थी। एफ़आइआर में घटना का समय 27 फरवरी से 19 अगस्त 2026 के बीच बताया गया है।
अलग-अलग सराय कमरों में ले जाने का आरोप
महिला ने चावला पर आरोप लगाया है कि वह उसे अलग-अलग सराय और कमरों में ले गया और वहां उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। महिला के अनुसार विरोध करने पर उसे धमकाया गया। इससे परेशान होकर उसने आत्महत्या की कोशिश भी की, लेकिन सेवादार ने उसे अस्पताल पहुंचाकर बचा लिया।
जत्थेदारों से भी लगाई न्याय की गुहार
महिला ने दावा किया कि उसने एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी और श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज समेत कई पंथक हस्तियों से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। रेड के दौरान चावला के घर से क्या बरामद हुआ या पुलिस को जांच में क्या तथ्य मिले, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
