08 फ़रवरी2026: पंजाब सरकार द्वारा आर.टी.ए. (रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी) की सेवाओं को ऑनलाइन और सेवा केंद्रों के ज़रिये आसान बनाने के दावे ज़मीनी हकीकत में उलझन और परेशानी का कारण बनते नज़र आ रहे हैं। लुधियाना में हालात यह हैं कि एक हजार से ज्यादा लोग ड्राइविंग लाइसेंस और लर्निंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं, लेकिन न तो उन्हें लाइसेंस मिल रहा है और न ही कोई विभाग इसकी जिम्मेदारी लेने को तैयार है।
इन आवेदकों ने घर बैठे सरकारी पोर्टल पर आवेदन करते हुए 520 रुपये की फीस भी ऑनलाइन जमा करवाई, लेकिन अब महीनों से वे सेवा केंद्र और आर.टी.ए. कार्यालय के बीच चक्कर काटने को मजबूर हैं। दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
पीड़ित आवेदक बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने दिसंबर महीने में लर्निंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। फीस जमा करने के बाद जब वह सेवा केंद्र पहुंचे तो उन्हें कहा गया कि ऑनलाइन आवेदन उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और आर.टी.ए. से संपर्क करें। वहीं आर.टी.ए. कार्यालय में कर्मचारियों ने उन्हें दोबारा सेवा केंद्र भेज दिया।
पिछले एक महीने से वे लगातार दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं मिला। इसी तरह अर्चना सिंह ने भी बताया कि उन्होंने ऑनलाइन ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक न तो लाइसेंस जारी हुआ और न ही किसी अधिकारी ने स्पष्ट जवाब दिया।
