• Sun. Aug 23rd, 2026

“पंजाब सड़क दुर्घटना में बड़ा नुकसान: हरियाणा का एक पूरा परिवार हादसे का शिकार”

08फ़रवरी2026 : खुशियां कब मातम में बदल जाएं, इसका अंदाजा कोई नहीं लगाया सकता। चंडीगढ़ में एक शादी समारोह की खुशियां मनाकर हरियाणा के सिरसा लौट रहे एक ही परिवार के लिए बीती रात काल बनकर आई। पंजाब के मानसा में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ कर रख दिया। एक तेज रफ्तार ट्रक और आर्टिका गाड़ी की आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी के अनुसार भयानक हादसे में गाड़ी में सवार 60 वर्षीय अशोक कुमार, उनकी पत्नी उषा रानी, 95 साल की सास राधा देवी और साली रीतू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गाड़ी चला रहा संदीप सिंह इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नाजुक हालत में सिरसा रेफर किया गया है। हादसे के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को गाड़ी से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सरदूलगढ़ पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर लिए हैं और फरार ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी है। थाना सरदूलगढ़ के इंचार्ज गणेश्वर कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *