• Thu. Nov 12th, 2026

मथुरा में होली पर उमड़ी भारी भीड़, 44 लाख श्रद्धालु पहुंचे, हुड़दंगियों पर पैनी नजर, अब तक 26 पर हुई कार्रवाई

मथुरा 04 मार्च 2026 : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में अनूठी होली एवं राधा और श्रीकृष्ण के अलौकिक प्रेम के लिए विख्यात ब्रज मण्डल (मथुरा, वृन्दावन सहित जिले के सभी तीर्थस्थल) में अब तक 44 लाख से ज्यादा श्रद्धालु यहां आ चुके हैं। इस बीच, गोवर्धन एवं मगोर्रा थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा भीड़ में महिलाओं के ऊपर जबरन गुलाल फेंकने व हुड़दंग करने के आरोप में 24 से अधिक उपद्रवियों को जेल भेजा गया है। 

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि अब तक कुल 44 लाख श्रद्धालुओं के ब्रज की होली के विभिन्न उत्सवों में शामिल होने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि ब्रज में अभी भी देश-विदेश के श्रद्धालुओं का आना जारी है। उन्होंने बताया कि बरसाना के लाडली जी के सफेद छतरी पर विराजमान होकर दर्शन देने, चैत्र कृष्ण पक्ष द्वितीया को बलदेव व जाब गांव के हुरंगा तथा राधारानी की नानी के गांव मुखराई में चरकुला नृत्य आदि अनेक ऐसे अवसर हैं जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। 

रावत ने बताया कि अनुमान है कि ऐसे में अभी पांच-छह लाख और श्रद्धालुओं का आगमन हो सकता है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गोवर्धन तथा मगोर्रा थाना क्षेत्रों में क्रमश: 17 तथा नौ हुड़दंगियों को शांतिभंग करने के आरोप में कार्रवाई कर जेल भेजा जा चुका है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *