रेवाड़ी 11 नवंबर 2026 : नगर परिषद में फर्जी तरीके से प्रॉपर्टी आई.डी. बनाने और नियमों को ताक पर रखकर धांधली करने के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। अनअप्रूव्ड (अवैध) प्लॉट की फर्जी लोकेशन दिखाकर प्रॉपर्टी आई.डी. बनाने के आरोप में नगर परिषद के क्लर्क हरकेश को तुरंत प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान क्लर्क का मुख्यालय नगर पालिका धारूहेड़ा निर्धारित किया गया है और मामले की विभागीय जांच पूरी होने तक वह वहीं रिपोर्ट करेंगे।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली रोड स्थित शिव नगर में लगभग 707 गज का एक अनअप्रूव्ड (गैर-मंजूरशुदा) प्लॉट था। आरोप है कि नगर परिषद के जांचकर्ता बलवान और प्रोसेसिंग करने वाले क्लर्क हरकेश ने मिलीभगत कर इस अनअप्रूव्ड प्लॉट की जी.पी.एस. लोकेशन को शिव नगर के ठीक सामने स्थित अप्रूव्ड कॉलोनी ‘उत्तम नगर मंदिर’ के पास दर्शा दिया। लोकेशन बदलकर प्लॉट की प्रॉपर्टी आई.डी. सफलतापूर्वक जारी कर दी गई।
खुलासे के बाद नगरायुक्त का कड़ा रुख
जब इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ, तो मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद नगरायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांचकर्ता बलवान और क्लर्क हरकेश दोनों कर्मचारियों से जवाब-तलबी की थी और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। संतोषजनक जवाब न मिलने और शुरुआती जांच में लापरवाही/अनियमितता सिद्ध होने के बाद अब नगरायुक्त के निर्देशों पर क्लर्क हरकेश को सस्पेंड करने के लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं।
