• Thu. Apr 23rd, 2026

लुधियाना : तेजधार हथियारों से लैस हमलावरों ने घर में घुसकर ईंटों से किया हमला , दहशत में लोग

लुधियाना 23 अप्रैल 2026 साहनेवाल इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर कातिलाना हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने न केवल पीड़ित के घर पर पथराव किया, बल्कि अगले दिन सुबह काम पर जा रहे परिवार को रास्ते में घेरकर तेजधार हथियारों से बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। इस हमले में महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। थाना सहनेवाल की पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

घर पर हमला कर फैलाई दहशत 
पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता मोनू कुमार ने बताया कि बीती 19 अप्रैल की रात जब वह अपने साथियों अश्वनी, सनी, अंकुश और शिवा के साथ काम से घर लौट रहा था, तो रास्ते में घात लगाए बैठे कृष्णजीत सिंह और उसके साथियों ने उन्हें रोक लिया। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर पीड़ित के घर पर ईंट-पत्थरों की बरसात शुरू कर दी। जान बचाने के लिए पीड़ित और उसके साथी घरों के अंदर दुबक गए और दरवाजे बंद कर लिए, लेकिन हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने दोबारा घर पर पथराव कर दहशत फैला दी।
दहशत का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। 

पीड़ित परिवार को दी जान से मारने की धमकियां
अगली सुबह यानी 20 अप्रैल को जब शिकायतकर्ता अपने भाई सूरज पाल, भाभी सरला और भतीजी सुमन के साथ पशुओं का दूध निकालने के लिए जा रहा था, तो पीर की जगह के पास आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों के पास तेजधार हथियार थे, जिनसे उन्होंने पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। हमले के बाद आरोपी पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तफ्तीश शुरू की और मुख्य आरोपी सुरिंदर सिंह व बलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। इलाके में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *