चंडीगढ़ 14 अप्रैल 2026 : शहर के जिन सेक्टरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा पूरी तरह उपलब्ध हो चुकी है, वहां आने वाले 3 महीनों के बाद रसोई गैस (LPG) सिलेंडरों की सप्लाई बंद कर दी जाएगी।
शहर में PNG नेटवर्क का तेजी से विस्तार
केंद्र सरकार द्वारा जारी ‘नेचुरल गैस एंड पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूशन ऑर्डर-2026’ के तहत चंडीगढ़ प्रशासन ने शहरवासियों को LPG छोड़कर PNG अपनाने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में रसोई गैस की सप्लाई में किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन द्वारा शहर में PNG नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में सेक्टर 32 से 38, 40, 42 से 44, 46 और 48 से 51 में PNG की सुविधा पूरी तरह उपलब्ध है। इसके अलावा सेक्टर 10, 11, 17, 22, 26, 28, 30, 41, 47, मनीमाजरा और इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 व 2 में यह सुविधा आंशिक रूप से उपलब्ध है।
LPG की सप्लाई बंद करना अनिवार्य
प्रशासन ने पूरी तरह कवर हो चुके सेक्टरों के निवासियों से जल्द से जल्द PNG कनेक्शन लेने की अपील की है, जबकि आंशिक रूप से कवर क्षेत्रों के लोग कनेक्शन की जानकारी के लिए सर्विस प्रोवाइडर से संपर्क कर सकते हैं। केंद्र सरकार के नए नियमों के अनुसार, जहां PNG का ढांचा पूरी तरह शुरू हो जाता है, वहां नोटिफिकेशन जारी होने के तीन महीने बाद घरेलू LPG की सप्लाई बंद करना अनिवार्य होगा। प्रशासन के अनुसार PNG, LPG के मुकाबले अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक है। इससे सिलेंडर बुक करने और भरवाने की झंझट खत्म हो जाती है।
प्रशासन ने शहरवासियों से की अपील
PNG हवा से हल्की होने के कारण लीक होने पर जल्दी फैल जाती है, जिससे आग लगने का खतरा कम होता है। यह कम प्रेशर पर काम करती है और इसकी बिलिंग ‘पे-एज़-यू-यूज़’ (जितनी खपत, उतना बिल) के आधार पर होती है, जिससे यह आर्थिक रूप से भी फायदेमंद है। भारी सिलेंडर उठाने की जरूरत न होने के कारण यह बुजुर्गों और अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के लिए बेहद सुविधाजनक है। नए PNG कनेक्शन या संबंधित जानकारी के लिए शहरवासी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के जॉइंट वेंचर पार्टनर के टोल-फ्री कस्टमर केयर नंबर 1800-233-55666 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने शहर में सुरक्षित, कुशल और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा प्रणाली को सुनिश्चित करने के लिए सभी निवासियों से सहयोग की अपील की है।
