• Sun. Apr 26th, 2026

हिसार CIA इंचार्ज के समर्थन में खाप, पवन सिंहमार के पक्ष में बड़ा ऐलान

रोहतक 26 अप्रैल 2026 हिसार के सब्जी मंडी पुल पर 17 अप्रैल को उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का काफिला रोकने को लेकर उत्पन्न हुए विवाद में अब महम चौबीसी सर्वजातीय सर्वखाप ने शनिवार सुबह 11 बजे पंचायत का आयोजन किया। अध्यक्षता सिंहमार खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष दलशेर सिंहमार उर्फ पोपन ने की। पंचायत में काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

हिसार सीआईए इंचार्ज पवन कुमार सिंहमार महम शहर से सटे गांव खेड़ी महम के रहने वाले हैं। उनके पिता राजवीर किसान हैं। अनाज मंडी में आयोजित पंचायत में आए वक्ताओं ने कहा कि पूर्व उप मुख्यमंत्री जिस सीआईए इंचार्ज पवन पर आरोप लगा रहे हैं, उसमें उनकी कोई गलती नजर नहीं आती।

राजेश धनखड़ ने कहा कि जिस प्रकार सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दुष्यंत चौटाला पुलिस की गाड़ी की खिड़की खोलने का प्रयास करते है व उसके पीछे भागते नजर आ रहे हैं। इसमें दुष्यंत का छिछोरापन साफ झलक रहा है। उन्होंने कहा कि पवन ने गाड़ी से उतरकर दुष्यंत चौटाला के काफिले में आगे चल रहे चालक को गाड़ी सही तरीके से चलाने के लिए कहा था।

खाप प्रधान अनिल राठी ने कहा कि दुष्यंत चौटाला के परदादा चौधरी देवीलाल को महम हलके से उप प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचाने में इस क्षेत्र का योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि महम चौबीसी की सर्वजातीय खाप पवन के साथ खड़ी है। जाट संस्था के उप प्रधान व खेड़ी महम के पूर्व सरपंच धर्मराज ने कहा कि पवन के साथ गलत नहीं होने दिया जाएगा।

सिंहमार खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष दलशेर उर्फ पोपन ने कहा कि पवन को पुलिस जांच में क्लीन चिट मिल चुकी है। दुष्यंत चौटाला बेवजह मामले को तूल दे रहे हैं। हम पहले उनकी पंचायत का इंतजार करेंगे। इसके बाद जरूरत पड़ी तो चौटाला गांव की पंचायत में भी शामिल होंगे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *