आदमपुर 05 जुलाई 2026 : गांव चुखियारा में रहने वाले एक प्रवासी मजदूर द्वारा अपने 15 साल के बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराए जाने के आज करीब 5 दिन बीत जाने के बावजूद आदमपुर पुलिस उसका कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
प्रवासी मजदूर मंडल गुप्ता और उनकी पत्नी ममता देवी ने रो-रो कर अपना दुखड़ा सुनाते हुए कहा कि वे मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते हैं और पिछले 4 साल से गांव चुखियारा में रह रहे हैं। उनका बेटा विवेक, जो सरकारी हाई स्कूल माणको में पढ़ता है, 29 जून की शाम करीब 5 बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह पड़ोसी गांव घुडियाल में मैच खेलने जा रहा है पर वह घर वापस नहीं लौटा। हमने उसे हर जगह ढूंढा लेकिन वह नहीं मिला, इसलिए उन्होंने 30 जून को आदमपुर पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन करीब 5 दिन बीत जाने के बावजूद आदमपुर पुलिस उनके बेटे विवेक का कोई पता नहीं लगा पाई, जिससे उनका पूरा परिवार सदमे में है।
उन्होंने बताया कि उनकी शिकायत पर पुलिस गांव चुखियारा आई और गांव में उनसे पूछताछ की। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उनके बेटे का झगड़ा हुआ था जिसकी पूरी जानकारी भी दी थी। उसके बाद से वे हर दिन आदमपुर थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि उनके बेटे को ढूंढकर जल्द से जल्द उन्हें सौंपा जाए। इस मामले में थाना प्रभारी आदमपुर इंस्पैक्टर पंकज कुमार शर्मा ने कहा कि पूरा मामला उनके ध्यान में है और वे विवेक को ढूंढने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
