• Sun. Nov 1st, 2026

रैली में आएं, दिल्ली के दुकानदारों से खरीदारी भी करें, राहुल गांधी की लोगों से खास अपील

नई दिल्ली 01 नवंबर 2026 कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की प्रस्तावित रैली से एक दिन पहले शनिवार को लोगों से दिल्ली के व्यापारियों और दुकानदारों से खरीदारी करने की अपील की और कहा कि इससे त्योहारों के मौसम में उन्हें फायदा होगा। गांधी ने कहा कि रैली में हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं और उन्हें प्रदर्शन तथा मार्च में भाग लेने के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी भी करनी चाहिए।

उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ”कल लाखों लोग रामलीला मार्च के लिए दिल्ली आ रहे हैं। त्योहारों का मौसम है। दिवाली, छठ और भाईदूज का समय है। मैं चाहता हूं कि जो लाखों लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं, वे यहां के व्यापारियों की मदद करें।”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने लोगों से अपील की, ”प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए, व्यापारियों का फायदा हो जाएगा।” गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल रैली को लेकर ”अफवाह” फैला रहा है।

उन्होंने कहा, ”मैं जानता हूं व्यापारियों को रैली नुकसान नहीं पहुंचाएगी। भाजपा डरी हुई है, इसलिए अफवाह फैला रही है।” कांग्रेस नेता ने कहा कि रविवार को मार्च और रैली होगी तथा इसमें शामिल होने वाले लोग दिल्ली के छोटे दुकानदारों से सामान खरीदकर उनका सहयोग करेंगे। गांधी ने अपने संदेश के अंत में लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *