• Thu. Oct 29th, 2026

सीएम योगी: भारत आतंक के वैश्विक अभिशाप को मिटाने के लिए प्रतिबद्ध

लखनऊ 11 सितंबर 2025 : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 11 सितंबर 2001 मानवता के इतिहास का वह काला अध्याय, जब निर्दोष जीवन कायरतापूर्ण आतंकी हमले की भेंट चढ़ गए। योगी ने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए आतंकी हमले की बरसी पर कहा कि भारत आतंक के वैश्विक अभिशाप को मिटाने के लिए प्रतिबद्ध है।

‘भय नहीं, केवल शांति, भाईचारा और मानवता का प्रकाश हो’
मुख्यमंत्री योगी ने आज सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि यह हमला पूरी मानव सभ्यता की शांति, विश्वास और मानवीय मूल्यों पर निर्मम प्रहार था। योगी ने कहा कि उस भीषण त्रासदी में काल-कवलित सभी दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। मुख्यमंत्री योगी ने कहा है कि भारत आतंक के इस वैश्विक अभिशाप को जड़ से मिटाकर ऐसा संसार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां भय नहीं, केवल शांति, भाईचारा और मानवता का प्रकाश हो।

हमले में काफी लोग मारे गए
गौरतलब है कि 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के नॉर्थ टावर और पेंटागन पर हुए आतंकी हमलों ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था। इस हमले में काफी लोग मारे गए थे। इन हमलों के पीछे ओसामा बिन लादेन और उसका आतंकी संगठन अल-कायदा था। 2011 में जब अमेरिकी कमांडो ने उसे एबटाबाद में मार गिराया, तो दुनिया ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *