• Mon. Nov 2nd, 2026

CM सैनी का ऐलान: हरियाणा में ग्रुप-D के 7,500 पदों पर होगी भर्ती

चंडीगढ़ 27 जून 2025 : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ग्रुप डी के लगभग 7500 पदों पर ज्वाइनिंग करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री वीरवार को हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी देने के लिए बुलाई गई पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। सी.ई.टी. के बारे पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष सी.ई.टी. परीक्षा के लिए लगभग 13 लाख 48 हजार युवाओं ने पंजीकरण करवाया है। 

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष यह संख्या लगभग 11 लाख थी। सरल पोर्टल के सर्वर पर अधिक लोड होने के कारण कुछ दिक्कतें आई थी, फिर भी 3 लाख से अधिक बी. सी. ए व बी और लगभग 3 लाख अनुसूचित जाति के युवाओं ने पोर्टल से जातिप्रमाण पत्र डाऊनलोड कर सी.ई.टी. के लिए पंजीकरण किया है। उन्होंने कहा कि जो युवा जाति प्रमाणपत्र नहीं बनवा पाए, वे भी परीक्षा दे सकेंगे। अन्य प्रक्रिया साथ-साथ पूरी कर ली जाएगी। एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मौजूदा आवश्यकताओं के अनुरूप अपने-अपने विभागों के पदों का रैशनेलाइजेशन कर मांग पत्र एच.एस.सी.सी. को भेजें। कुछ पद ऐसे हैं, जिनकी आज जरूरत नहीं है और कुछ नए पद भी सृजित किए जाने हैं, जिनकी आज के समय में जरूरत है। यह प्रक्रिया निरंतर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *