चंडीगढ़ 04 अक्टूबर 2026 : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने आधिकारिक दौरे के तहत सिंगापुर पहुंच गए हैं। अपने इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान सीएम सैनी 4 से 6 अक्टूबर तक ‘सिंगापुर इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ’ फोरम के तहत आयोजित कई प्रमुख कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य हरियाणा में आधुनिक तकनीक, निवेश और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देना है।
अपने इस दौरे के पहले दिन ही मुख्यमंत्री का व्यस्त कार्यक्रम है। शाम के समय वह ‘सिंगापुर बिजनेस फोरम’ द्वारा आयोजित डिनर कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे विभिन्न वैश्विक प्रतिनिधियों और उद्योग जगत के दिग्गजों से मुलाकात कर हरियाणा में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री का आज देर शाम हरियाणा में प्रस्तावित महत्वाकांक्षी ‘जंगल सफारी प्रोजेक्ट’ के मद्देनजर सिंगापुर सफारी का अवलोकन करने का भी कार्यक्रम है। इस विजिट के जरिए सरकार सिंगापुर के तर्ज पर हरियाणा में भी विश्व स्तरीय वन्यजीव और पर्यटन प्रोजेक्ट को विकसित करने की रूपरेखा पर विचार करेगी।
