• Sat. Sep 12th, 2026

BRICS summit: दिल्लीवालों के लिए जरूरी खबर: आज शाम 8:15 से 11 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध

नई दिल्ली 12 सितंबर, 2026 : दिल्ली पुलिस ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर शनिवार के लिए कई प्रमुख सड़कों पर यातायात मार्ग परिवर्तन और प्रतिबंधों का ऐलान किया है। इससे पहले पुलिस ने विशिष्ट व्यक्ति (वीआईपी) और अति विशिष्ट व्यक्ति (वीवीआईपी) की आवाजाही के कारण शुक्रवार को रात 8:30 बजे तक यातायात मार्ग परिवर्तन और प्रतिबंधों की घोषणा की थी। यातायात पुलिस ने 12-13 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाले शिखर सम्मेलन से पहले एक विस्तृत परामर्श जारी किया।

परामर्श के मुताबिक, प्रतिबंध शनिवार रात 8.15 बजे से 11 बजे तक लागू रहेंगे। इस दौरान मध्य दिल्ली और उसके आसपास महत्वपूर्ण हिस्सों पर यातायात की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा। यातायात परामर्श मानचित्र के अनुसार, मध्य दिल्ली की ओर जाने वाली कई प्रमुख सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही नियंत्रित होगी जबकि भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास एक निषिद्ध क्षेत्र निर्धारित किया गया है। यातायात को निर्दिष्ट स्थानों पर मोड़ दिया जाएगा। साथ ही गाड़ी चालकों को यातायात पुलिस द्वारा चिह्नित वैकल्पिक मार्गों का पालन करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों से बचने की सलाह दी गई है।

प्रभावित सड़कों में इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, जनपथ, मंडी हाउस, तिलक मार्ग, भगवान दास रोड, मथुरा रोड और प्रगति मैदान क्षेत्र के आसपास की सड़कें शामिल हैं। वहीं, शुक्रवार के लिए जारी परामर्श के मुताबिक, वीवीआईपी और वीआईपी की आवाजाही के चलते 35 से अधिक सड़कें प्रभावित रहेंगी और 22 स्थानों पर मार्ग परिवर्तन किया जाएगा तथा यह अपराह्न दो बजे से रात साढ़े आठ बजे तक लागू रहेगा। प्रभावित सड़कों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, डॉ जाकिर हुसैन मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, राजेंद्र सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज़ टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग शामिल हैं।

परामर्श के मुताबिक, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक पर मथुरा रोड और तिलक मार्ग की ओर जाने वाले यातायात को अनुमति नहीं दी जाएगी। वाहनों को बहादुरशाह जफर मार्ग और आईपी मार्ग या दिल्ली गेट की ओर मोड़ दिया जाएगा। राम चरण अग्रवाल चौक (आईटीओ), मीर दर्द चौक और मध्य दिल्ली के आसपास के अन्य स्थलों पर भी इसी तरह के बदलाव लागू किए जाएंगे। प्रतिबंध कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल चौराहा, वंदे मातरम मार्ग, धौला कुआं, मोती बाग, अफ्रीका एवेन्यू, लोधी रोड, मथुरा रोड और रिंग रोड के आसपास के मार्गों को भी प्रभावित करेंगे। यातायात पुलिस ने हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और आईएसबीटी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने और जहां भी संभव हो सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी।

पुलिस ने कहा कि मेट्रो के सभी स्टेशन पूरी तरह से चालू रहेंगे और यातायात पुलिस ने हवाई अड्डे की ओर जाने वाले लोगों से परामर्श अवधि के दौरान मेट्रो का इस्तेमाल करने का आग्रह किया। परामर्श में कहा गया है कि आपातकालीन और चिकित्सा वाहनों को बाधा मुक्त मार्ग मिलता रहेगा, जबकि आवश्यक सेवाओं को निर्बाध पहुंच की अनुमति दी जाएगी।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *