• Sun. Jul 19th, 2026

लुधियाना में बेखौफ चोरों का आतंक, बिल्डिंग मटीरियल दुकान का शटर उखाड़ नकदी और दस्तावेज उड़ाए

लुधियाना 19 जुलाई 2026 महानगर में रात के समय सक्रिय शातिर चोर गिरोहों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार बेखौफ चोरों ने गुरु नानक पुरा इलाके में स्थित एक बड़ी बिल्डिंग मटीरियल की दुकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने देर रात दुकान का लोहे का भारी-भरकम शटर काट कर भीतर प्रवेश किया और काउंटर के अंदर रखा नकदी से भरा बैग और एक अन्य बेहद जरूरी कागजातों वाला बैग चोरी कर फरार हो गए। थाना पुलिस ने पीड़ित दुकानदार के बयानों पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जाल बिछा दिया है।

दुकानदार ने पुलिस को बीती 4 और 5 जुलाई की दरमियानी रात को वह हमेशा की तरह अपनी दुकान को सही-सलामत लॉक करके घर गया था। रात के समय बाजार में सन्नाटा पसरा होने का फायदा उठाकर अज्ञात शातिर चोरों ने उसकी दुकान पर धावा बोल दिया। चोरों ने बड़ी चालाकी से दुकान का शटर तोड़ा और दुकान के भीतर दाखिल हो गए। दुकान के अंदर दाखिल होने के बाद चोरों ने सीधे मुख्य काउंटर का रुख किया। चोरों ने काउंटर के लॉकर और दराजों को बेरहमी से खंगाला, जहां पीड़ित ने दिनभर की कमाई का कैश रखा हुआ था। चोर वहां रखा कैश वाला बैग अपने साथ समेट ले गए।इतना ही नहीं, चोरों ने दुकान के अन्य हिस्सों की भी तलाशी ली और वहां पड़ा एक और महत्वपूर्ण बैग भी उड़ा लिया, जिसमें दुकान के व्यापार, प्रॉपर्टी और लेन-देन से जुड़े कई बेहद जरूरी कागजात मौजूद थे। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को बताया कि वह अपने खातों का मिलान करने के बाद चोरी हुए कुल कैश की सटीक डिटेल बाद में पुलिस प्रशासन को सौंपेगा।

सुबह जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचा, तो शटर टूटा देख उसके होश उड़ गए। दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था और दोनों मुख्य बैग गायब थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस चौकी और थाने की टीमें फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुँची और दुकान का मुआयना किया। पुलिस गुरु नानक पुरा बाजार और आस-पास की मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि रात के समय संदिग्ध हालत में घूमने वाले अपराधियों और चोरों का सुराग लगाकर उन्हें जल्द से जल्द दबोचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed