17 नवंबर 2026 : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के युवाओं को ज्ञान, शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक नई पहल शुरू की है। सरकार ने ‘पंजाब दा करोड़पति’ नाम से राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता लॉन्च की है। इस प्रतियोगिता में पंजाब का एक युवा अपनी प्रतिभा और ज्ञान के दम पर 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार जीत सकता है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 14 नवंबर को इस प्रतियोगिता की शुरुआत की। यह मुकाबला लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा। इसमें पंजाब के सभी 23 जिलों के 15 से 30 वर्ष की आयु के युवा हिस्सा ले सकेंगे। सरकार का उद्देश्य युवाओं को पढ़ाई, सामान्य ज्ञान और सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति आकर्षित करना है।
एक करोड़ रुपये के साथ मिलेंगे अन्य पुरस्कार
इस प्रतियोगिता में विजेता को 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा चार उपविजेताओं को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड में जगह बनाने वाले आठ अन्य प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये मिलेंगे। सरकार के अनुसार, प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में 10,000 से अधिक प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे।
11 राउंड में होगा मुकाबला
‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता कुल 11 चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले नौ राउंड ऑनलाइन होंगे। इसके बाद दसवां राउंड पंजाब के सभी 23 जिलों में आयोजित किया जाएगा, जबकि 11वां राउंड ग्रैंड फिनाले होगा।
प्रत्येक जिले से शीर्ष प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अगले चरण में पहुंचने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले 23 प्रतिभागी ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता का अंतिम मुकाबला 17 दिसंबर को आयोजित करने की योजना है।
50 हजार सवालों का प्रश्न बैंक तैयार
प्रतियोगिता के लिए लगभग 50 हजार सवालों का प्रश्न बैंक तैयार किया गया है। इसमें पंजाब का इतिहास, भूगोल, कला, संस्कृति, गणित, सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स और पंजाब सरकार की योजनाओं से संबंधित सवाल शामिल होंगे।
इसके अलावा सवालों का स्तर सरकारी भर्ती परीक्षाओं के पैटर्न के अनुसार रखा जाएगा। इनमें पुलिस कांस्टेबल, पटवारी और पंजाब सिविल सर्विसेज (PCS) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े प्रश्न भी शामिल होंगे। प्रत्येक सवाल के चार विकल्प होंगे और प्रतिभागियों को जवाब देने के लिए 20 सेकंड का समय मिलेगा।
28 नवंबर तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 14 नवंबर से शुरू हो चुकी है और 28 नवंबर 2026 तक चलेगी। इच्छुक युवा मोबाइल ऐप या आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले युवाओं के लिए मॉक क्विज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
पहला ऑनलाइन राउंड 21 नवंबर को आयोजित होगा। इसके बाद 23, 25, 27 और 29 नवंबर तथा 1, 3, 5 और 7 दिसंबर को अन्य ऑनलाइन राउंड होंगे। जिला स्तरीय मुकाबले 9 दिसंबर को आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने युवाओं से इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि पंजाब के युवाओं के हाथों में किताबें हों और वे अपनी मेहनत तथा ज्ञान के दम पर आगे बढ़ें।
सरकार के अनुसार, इस पहल से युवाओं को आर्थिक पुरस्कार जीतने के साथ-साथ अपना सामान्य ज्ञान बढ़ाने और सरकारी नौकरियों की तैयारी करने का अवसर भी मिलेगा। वहीं, 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले शुरू हुई इस पहल को पंजाब में युवाओं तक पहुंच बनाने की सरकार की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
