• Tue. Nov 17th, 2026

डेराबस्सी के किसान की चमकी किस्मत, 500 रुपये का लॉटरी टिकट खरीदकर जीते 12 करोड़ रुपये

17 नवंबर 2026 :  पंजाब के मोहाली जिले के डेराबस्सी क्षेत्र के एक किसान की किस्मत रातोंरात बदल गई। हमायूंपुर गांव के रहने वाले 45 वर्षीय बलजिंदर सिंह ने पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर लॉटरी में 12 करोड़ रुपये का पहला पुरस्कार जीत लिया है। उन्होंने दिवाली से पहले महज 500 रुपये में लॉटरी का टिकट खरीदा था। इस बड़ी जीत की खबर मिलने के बाद उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बलजिंदर सिंह एक छोटे किसान हैं और खेती करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने दिवाली से पहले हंडेसरा के एक लॉटरी विक्रेता से 500 रुपये का टिकट खरीदा था। सोमवार रात करीब 11 बजे उन्हें फोन के माध्यम से जानकारी मिली कि उनकी टिकट पर 12 करोड़ रुपये का पहला पुरस्कार निकला है।

2010 से खरीद रहे थे लॉटरी टिकट

बलजिंदर सिंह ने बताया कि वह वर्ष 2010 से लगातार लॉटरी टिकट खरीद रहे थे। पिछले करीब 15 वर्षों से वह अपनी किस्मत आजमा रहे थे। आखिरकार उनकी टिकट पर 12 करोड़ रुपये का पहला पुरस्कार निकल आया।

उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भगवान ने आखिरकार उनकी प्रार्थना सुन ली। दो बच्चों के पिता बलजिंदर सिंह के लिए यह खबर किसी सपने के सच होने जैसी थी। परिवार को भी शुरुआत में इस बड़ी जीत पर विश्वास नहीं हुआ।

खेती से चलाते हैं परिवार का खर्च

बलजिंदर सिंह का परिवार खेती पर निर्भर है। वह एक सीमांत किसान हैं और खेती के जरिए अपने परिवार का गुजारा करते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके पास लगभग ढाई से तीन एकड़ जमीन है। खेती के साथ वह टिप्पर चलाने का काम भी करते हैं।

12 करोड़ रुपये की लॉटरी जीतने की खबर सामने आने के बाद उनके गांव हमायूंपुर में खुशी का माहौल बन गया। रिश्तेदारों, दोस्तों और गांव के लोगों ने उन्हें बधाई दी।

जीरकपुर में शुरू की पुरस्कार लेने की प्रक्रिया

लॉटरी जीतने की जानकारी मिलने के बाद बलजिंदर सिंह अपने दोस्तों के साथ जीरकपुर पहुंचे। यहां वह लॉटरी पुरस्कार प्राप्त करने के लिए जरूरी दस्तावेज और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्होंने इतनी बड़ी पुरस्कार राशि के इस्तेमाल को लेकर कोई योजना नहीं बनाई है। उनकी प्राथमिकता पहले पुरस्कार हासिल करने की सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करना है।

पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर लॉटरी का परिणाम

पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर 2026 के लिए कुल 36 लाख टिकट छापे और बेचे गए थे। ये टिकट 12 अलग-अलग सीरीज में जारी किए गए थे, जिनके नाम मेष से लेकर मीन तक राशियों पर आधारित थे। टिकटों की कीमत 500 रुपये रखी गई थी।

इस लॉटरी के पहले पुरस्कार की राशि 12 करोड़ रुपये थी। बलजिंदर सिंह की जीत ने एक बार फिर पूरे पंजाब में दिवाली बंपर लॉटरी को चर्चा में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *