• Tue. Apr 21st, 2026

लुधियाना में जोरदार प्रदर्शन, ऑटो चालकों ने डीसी ऑफिस का किया घेराव

लुधियाना 21 अप्रैल 2026 लुधियाना में आज ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आया, जहां शहीद भगत सिंह मिनी ट्रांसपोर्ट यूनियन के नेतृत्व में सैकड़ों ऑटो चालकों और जुगाड़ू वाहन चालकों ने डिप्टी कमिश्नर (DC) कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए घेराव कर दिया। प्रदर्शन के चलते इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

PunjabKesari, protest-in-front-of-ludhiana-dc-office

जानकारी के अनुसार करीब 8–10 दिन पहले यूनियन द्वारा प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा गया था, जिसमें जुगाड़ू (अवैध) वाहनों पर कार्रवाई और ऑटो चालकों को राहत देने की मांग उठाई गई थी। लेकिन जब इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो यूनियन के सदस्य सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शहर में बड़ी संख्या में जुगाड़ू वाहन बिना किसी रजिस्ट्रेशन और नियमों के सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे ऑटो चालकों का रोजगार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं दूसरी तरफ, वैध दस्तावेजों के बावजूद ऑटो चालकों के चालान काटे जा रहे हैं, जिससे उनमें भारी रोष है।

यूनियन ने प्रशासन के सामने साफ मांग रखी है कि या तो जुगाड़ू वाहनों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए, या फिर ऑटो चालकों को भी सफेद नंबर प्लेट के साथ बिना चालान चलने की अनुमति दी जाए, ताकि सभी के लिए समान नियम लागू हो सकें। आज सुबह से ही बड़ी संख्या में चालक अपने वाहनों के साथ DC ऑफिस के बाहर जमा होने लगे। देखते ही देखते यह संख्या सैकड़ों में पहुंच गई और पूरे इलाके में जाम जैसी स्थिति बन गई। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया।

स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने की कोशिश की, वहीं ट्रैफिक को भी नियंत्रित किया गया ताकि आम जनता को कम से कम परेशानी हो। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिसमें बड़े स्तर पर चक्का जाम और धरना-प्रदर्शन भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल DC ऑफिस के बाहर हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन माहौल अभी भी तनावपूर्ण बना हुआ है और प्रशासन व यूनियन के बीच बातचीत जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *