• Sun. Nov 29th, 2026

बोतलबंद पानी भी हो सकता है केमिकल से दूषित, लंबे समय तक सेवन सेहत के लिए खतरनाक

चंडीगढ़ 28 नवंबर 2026 : बोतलबंद पानी को लोग अक्सर साफ और सुरक्षित समझकर पीते हैं, लेकिन बोतलबंद पानी का साफ दिखना उसके पूरी तरह सुरक्षित होने की गारंटी नहीं है। इसमें ब्रोमेट और पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) जैसे नुकसानदायक केमिकल हो सकते हैं। इनकी खास बात यह है कि न तो पानी का रंग बदलता है और न ही स्वाद या गंध से इनकी मौजूदगी का पता चलता है। इन केमिकल की निर्धारित सीमा से ज्यादा मात्रा का लंबे समय तक सेवन सेहत के लिए खतरा बढ़ा सकता है। PGI स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के डॉ. सोनू गोयल के मुताबिक कभी-कभी थोड़ी मात्रा में इन केमिकल का सेवन करने से तुरंत नुकसान नहीं होता, लेकिन लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

पानी को डिसइंफेक्ट करने के लिए इस्तेमाल होने वाली ओजोन गैस की पानी में पहले से मौजूद ब्रोमाइड से प्रतिक्रिया होने के कारण ब्रोमेट बन सकता है। इसकी मात्रा पानी में ब्रोमाइड की मौजूदगी, ओजोन की मात्रा, pH और दूसरी केमिकल स्थितियों पर निर्भर करती है। फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड के मुताबिक पीने के पानी में ब्रोमेट की ज्यादा से ज्यादा हद 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) की एक रिपोर्ट के मुताबिक ओजोन-ट्रीटेड पानी में अलग-अलग हालातों के दौरान ब्रोमेट की मात्रा 2 माइक्रोग्राम से कम से लेकर 293 माइक्रोग्राम प्रति लीटर तक दर्ज की गई है। एक बार बन जाने के बाद इसे पानी से निकालना मुश्किल होता है, इसलिए सफाई के दौरान इसे कंट्रोल करना जरूरी है।

पुरानी पाइपलाइन भी बन सकती है PAH का सोर्स

PAH केमिकल्स के कई ग्रुप हैं जो कोयला, तेल, पेट्रोल और लकड़ी जैसे फ्यूल के अधूरे जलने से बनते हैं। ये इंडस्ट्रियल प्रदूषण और एनवायरनमेंट में मौजूद पॉल्यूटेंट्स के जरिए पानी तक पहुंच सकते हैं। पुरानी पाइपलाइनों में इस्तेमाल होने वाली कोयले से बनी कोटिंग भी इनका सोर्स हो सकती हैं। इस ग्रुप के कुछ केमिकल्स सेहत के लिए ज्यादा खतरनाक होते हैं। इनमें से बेंजो-ए-पाइरीन को इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने इंसानों में कैंसर पैदा करने वाले सब्सटेंस के तौर पर शामिल किया है। हालांकि पानी के सैंपल में PAH होने का मतलब यह नहीं है कि इसे पीने वाले हर किसी को कैंसर हो जाएगा। रिस्क केमिकल की मात्रा और उसके संपर्क में आने के समय पर निर्भर करता है।

ब्रोमेट को भी संभावित कैंसर कारक माना 

IARC ने ब्रोमेट को ग्रुप 2B में रखा है, जिसका मतलब है कि इसे इंसानों में एक संभावित कार्सिनोजेन माना जाता है। यह क्लासिफिकेशन मुख्य रूप से जानवरों पर हुई स्टडीज पर आधारित है। इनमें ज्यादा डोज और लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से DNA डैमेज और कैंसर से जुड़े असर देखे गए हैं। इंसानों में इसके असर के सबूत अभी भी कम हैं। डॉ. गोयल के अनुसार बच्चों, प्रेग्नेंट महिलाओं और पहले से किडनी की बीमारी वाले लोगों को पानी की क्वालिटी को लेकर खास सावधानी बरतनी चाहिए।

बोतलबंद पानी खरीदते समय ये सावधानियां जरूरी

पैकेज्ड पानी खरीदते समय FSSAI लाइसेंस, मैन्युफैक्चरर की जानकारी, पैकेजिंग की तारीख और बैच नंबर जरूर चेक करें।
बोतलों को सीधी धूप और ज्यादा गर्मी से दूर रखना चाहिए। घर पर या बाहर पानी स्टोर करने के लिए कांच या स्टील की बोतलों को प्राथमिकता देना बेहतर है।
अगर नल के पानी की सेफ्टी को लेकर कोई शक है, तो लोकल वॉटर सप्लाई डिपार्टमेंट से जानकारी लेनी चाहिए और जरूरत के हिसाब से पानी की टेस्टिंग करवानी चाहिए।
पानी की सेफ्टी सिर्फ उसके दिखने से ही नहीं, बल्कि उसकी रेगुलर टेस्टिंग और क्वालिटी से भी तय होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *