28 नवंबर 2026 : राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 226 दर्ज किया गया। वहीं, सुबह के समय पीएम2.5 प्रदूषण में वाहनों से निकलने वाले धुएं की सबसे अधिक हिस्सेदारी रही। आंकड़े दर्ज करने वाले 57 निगरानी केंद्रों में से 36 में वायु गुणवत्ता ‘खराब’, 17 में ‘मध्यम’ और चार में ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 स्थित निगरानी केंद्र में सबसे खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की गई, जहां एक्यूआई 346 रहा। एक्यूआई कैलेंडर के अनुसार, दिल्ली में 25 नवंबर को एक्यूआई 220 था, जो 26 नवंबर को बढ़कर 224 और शुक्रवार को 226 हो गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है। दिल्ली में प्रदूषण के स्रोतों का वास्तविक समय में आकलन करने वाले आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को सुबह एक बजे से नौ बजे के बीच पीएम2.5 प्रदूषण में वाहनों से निकलने वाले धुएं की सबसे अधिक 32 प्रतिशत हिस्सेदारी रही। इस दौरान पराली एवं अन्य जैव ईंधन जलाने से 22.8 प्रतिशत, द्वितीयक कार्बनिक एरोसोल से 14 प्रतिशत और द्वितीयक अकार्बनिक प्रदूषकों से 12.3 प्रतिशत प्रदूषण हुआ।
वहीं, कचरा जलाने से 10.7 प्रतिशत, औद्योगिक उत्सर्जन से 4.2 प्रतिशत, खनिज धूल एवं राख से 1.8 प्रतिशत, कोयला जलाने से 1.5 प्रतिशत और मिश्रित ईंधन के दहन से 0.8 प्रतिशत प्रदूषण हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 27 और 28 नवंबर को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है, जबकि 29 नवंबर को इसके और बिगड़कर ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंचने का अनुमान है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 नवंबर को वायु गुणवत्ता फिर ‘खराब’ श्रेणी में आ सकती है। इसके बाद के छह दिनों में भी इसके ‘खराब’ से ‘बेहद खराब’ श्रेणी के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम मिक्सिंग डेप्थ 27 नवंबर को 1,200 मीटर, 28 नवंबर को 1,100 मीटर, 29 नवंबर को 1,400 मीटर और 30 नवंबर को 1,350 मीटर रहने का अनुमान है।
आईएमडी के अनुसार, वेंटिलेशन इंडेक्स 27 नवंबर को 1,300 वर्ग मीटर प्रति सेकंड, 28 नवंबर को 1,500 वर्ग मीटर प्रति सेकंड, 29 नवंबर को 4,000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड और 30 नवंबर को 2,500 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रहने का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम औसत हवा की गति के साथ 6,000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड से कम वेंटिलेशन इंडेक्स प्रदूषकों के फैलाव के लिए प्रतिकूल माना जाता है।
मौसम के मोर्चे पर, दिल्ली के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य मौसम केंद्रों में पालम में अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम था। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था।
लोधी रोड में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। रिज में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था। यहां न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम था। वहीं, आयानगर में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम था।
दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 226, प्रदूषण में वाहनों की सबसे अधिक हिस्सेदारी
