• Sun. Nov 29th, 2026

सेना में कुक की नौकरी का सपना दिखाकर ऐंठे 8 लाख, 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

गुरदासपुर 28 नवंबर 2026 : पंजाब के गुरदासपुर में सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर 8 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने एक युवक को सेना में कुक के पद पर भर्ती करवाने का भरोसा देकर उसके परिवार से 8 लाख रुपए ले लिए, लेकिन न तो युवक को नौकरी दिलवाई और न ही पैसे वापस किए। पुलिस ने जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अशोक कुमार निवासी मोहल्ला आजाद नगर, संगलपुरा रोड, गुरदासपुर ने शिकायत में बताया कि सरबजीत सिंह, लाभजीत सिंह और रजवंत कौर निवासी संत नगर, एस्कॉर्ट एवेन्यू, धूपसड़ी, वेरका, अमृतसर ने उसके बेटे दिग्विजय बहल को सेना में कुक के पद पर भर्ती करवाने का भरोसा दिया था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 8 लाख रुपए ले लिए। हालांकि, काफी समय बीतने के बाद भी उसके बेटे को सेना में भर्ती नहीं करवाया गया। इसके अलावा आरोपियों ने रकम भी वापस नहीं की। इस तरह उसके साथ धोखाधड़ी की गई। मामले की जांच डीएसपी सब-डिवीजन कलानौर की ओर से की गई। जांच के आधार पर थाना सिटी गुरदासपुर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 333 के तहत बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2) में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *