• Sat. Nov 21st, 2026

हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता फूल चंद मुलाना पंचतत्व में विलीन, राजकीय सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार, हुड्डा-दीपेंद्र समेत दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

अंबाला 21 नवंबर 2026 : हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री फूल चंद मुलाना पंचतत्व में विलीन हो गए। 85 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कहने वाले फूल चंद मुलाना का आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम विदाई में प्रदेश की राजनीति के दिग्गज नेताओं सहित बड़ी संख्या में समर्थक और गणमान्य लोग शामिल हुए। कांग्रेस के झंडे में लिपटी उनकी अंतिम यात्रा में हर किसी ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी। 

बता दें कि हरियाणा की राजनीति के अनुभवी चेहरे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फूल चंद मुलाना का शुक्रवार को निधन हो गया था। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में प्रदेशभर से राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियां पहुंचीं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, विधायक अशोक अरोड़ा, वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, अंबाला की मेयर अक्षिता सैनी, अंबाला शहर के विधायक निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा सहित कई विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

PunjabKesari

बता दें कि फूल चंद मुलाना का हरियाणा की राजनीति में लंबा और महत्वपूर्ण योगदान रहा। वह चार बार विधायक चुने गए और कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री के पद पर भी रहे। इसके अलावा उन्होंने 6 साल तक हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। उनकी अंतिम यात्रा कांग्रेस के झंडे में लिपटकर निकाली गई। 

अंतिम संस्कार के समय उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। वहीं, गार्ड ऑफ ऑनर को लेकर अंतिम संस्कार से पहले एक मुद्दा भी सामने आया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने फूल चंद मुलाना को राजकीय सम्मान दिए जाने की प्रक्रिया को लेकर राजकीय शोक घोषित नहीं होने पर एतराज जताया। इसके बाद अधिकारियों से फोन पर बातचीत की गई और उन्हें प्रोटोकॉल की याद दिलाई गई। 

बातचीत के बाद अंतिम संस्कार के दौरान फूल चंद मुलाना को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस तरह हरियाणा की राजनीति के एक अनुभवी नेता को अंतिम विदाई दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *