चंडीगढ़ 15 नवंबर 2026 : आजादी की पहली लड़ाई कांग्रेस के जन्म से 28 वर्ष पहले लड़ी गई थी। अंबाला छावनी से शुरू हुई इस क्रांति की चिंगारी ने पूरे देश में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह की आग भड़का दी थी, लेकिन दुर्भाग्यवश इस ऐतिहासिक संघर्ष और इसमें अपने प्राण न्योछावर करने वाले हजारों ज्ञात-अज्ञात शहीदों के इतिहास को वह स्थान नहीं मिला, जिसके वे वास्तविक हकदार थे। यह बात हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने मीडिया से बातचीत करते हुए कही।
अनिल विज ने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत ने क्रांतिकारियों पर बर्बरता की सारी सीमाएं पार कर दी थीं। क्रांतिकारियों को पेड़ों से बांधकर गोलियों से भून दिया जाता था, उन पर गोलियां चलाई जाती थीं और बदले की कार्रवाई में पूरे-पूरे गांव जला दिए जाते थे। आजादी की लड़ाई में असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, लेकिन उन वीरों के नाम तक इतिहास के पन्नों में दर्ज नहीं हो पाए। ऐसे ही ज्ञात और अज्ञात शहीदों को सम्मान देने तथा उनकी स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से अंबाला छावनी में शहीद स्मारक का निर्माण करवाया गया है।
उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी गृह मंत्री अमित शाह ने 5 नवंबर को इस भव्य शहीद स्मारक का लोकार्पण किया था। यह देश में आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित ऐसा विशिष्ट स्मारक है, जहां उस संघर्ष के शहीदों, उनके बलिदान और अंग्रेजों के अत्याचारों की गाथा को एक व्यापक स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है। अनिल विज ने कहा कि यह स्मारक केवल ईंट-पत्थरों से बनी इमारत नहीं, बल्कि उन वीरों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
23 गैलरी में समेटा गया आजादी की पहली लड़ाई का इतिहास
अनिल विज ने बताया कि लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस शहीद स्मारक में कुल 23 गैलरी बनाई गई हैं। इन गैलरी के माध्यम से आजादी की पहली लड़ाई की घटनाओं, क्रांतिकारियों के संघर्ष, उनके बलिदान और उस दौर की परिस्थितियों को विस्तार से दर्शाया गया है। पूरे स्मारक को देखने और समझने में लगभग छह घंटे का समय लग जाता है। इसके अतिरिक्त यहां रात के समय लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से भी इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाता है।
अनसंग हीरोज को श्रद्धांजलि देने के लिए विशेष गैलरी
अनिल विज ने विशेष रूप से एक ऐसी गैलरी का उल्लेख किया, जहां आम नागरिक भी उन गुमनाम शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि प्रत्येक व्यक्ति इस गैलरी में अवश्य पहुंचे। यहां श्रद्धांजलि देने की विशेष व्यवस्था की गई है, जिसमें व्यक्ति अपना नाम तक दर्ज करवा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस गैलरी में जाकर अपने संदेश और भावनाएं प्रस्तुत करें, ताकि उन अनसंग हीरोज के प्रति देशवासियों की श्रद्धा और सम्मान को एक सामूहिक श्रद्धांजलि के रूप में प्रदर्शित किया जा सके।
आमजन के लिए खुले द्वार, 15 दिसंबर तक प्रवेश निशुल्क
अनिल विज ने बताया कि शहीद स्मारक को आज से आमजन के लिए खोल दिया गया है। फिलहाल इसका ट्रायल रन किया जा रहा है और प्रतिदिन अधिकतम 500 लोगों को ही भ्रमण की अनुमति दी जा रही है, ताकि व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। 15 दिसंबर तक स्मारक में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। इसके बाद प्रवेश के लिए शुल्क निर्धारित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्मारक में प्रवेश के लिए ऑनलाइन और विंडो, दोनों माध्यमों से बुकिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। बुकिंग के दौरान आधार कार्ड अनिवार्य किया गया है। कुछ लोगों ने बिना आधार कार्ड के बुकिंग करवाई थी, जिन्हें बाद में रद्द कर दिया गया। ऐसी रद्द हुई बुकिंग के कारण कुछ स्लॉट खाली हुए हैं, जिन्हें अब अन्य लोग बुक कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब आधार कार्ड के बिना बुकिंग स्वीकार नहीं की जाएगी।
अनिल विज ने कहा कि अंबाला की धरती से शुरू हुई आजादी की पहली लड़ाई के इतिहास को देश और दुनिया के सामने लाना तथा उन वीर शहीदों को उनका उचित सम्मान दिलाना इस स्मारक के निर्माण का मूल उद्देश्य है। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को न केवल आजादी के वास्तविक इतिहास से परिचित करवाएगा, बल्कि उनमें राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान की भावना भी जागृत करेगा।
