• Wed. Nov 11th, 2026

दिवाली पर चमकी किस्मत! बेटी के जन्म की खुशी के बीच पिता की निकली डेढ़ करोड़ की लॉटरी

मोगा 11 नवंबर 2026 : पंजाब के बरेटा में रहने वाले एक परिवार के लिए इस बार की दिवाली जिंदगी की सबसे यादगार खुशियां लेकर आई। परिवार में बेटी के जन्म की खुशी अभी पूरी तरह मनाई भी नहीं गई थी कि किस्मत ने ऐसा साथ दिया कि महज 200 रुपये में खरीदे गए लॉटरी टिकट से डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम निकल आया। एक ही दिन में मिली इन दोहरी खुशियों से परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

जानकारी के मुताबिक, बरेटा निवासी युद्धवीर सिंह अपनी पत्नी की डिलीवरी करवाने के लिए बुढलाडा से मानसा जा रहे थे। उन्होंने अस्पताल में पहले से डॉक्टर से समय लिया हुआ था। इसी दौरान बुढलाडा के आईटीआई चौक पर रुकने के दौरान उनके मन में पत्नी के नाम पर लॉटरी टिकट खरीदने का विचार आया। इसके बाद उन्होंने धन्ना सिंह लॉटरी स्टॉल से 200 रुपये का टिकट खरीदा और अस्पताल के लिए रवाना हो गए। इस बीच परिवार आर्थिक परेशानी से भी गुजर रहा था। युद्धवीर सिंह के अनुसार, अस्पताल में डिलीवरी के लिए डॉक्टर ने जितना खर्च बताया था, उनके पास उससे 5 हजार रुपये कम थे। उन्होंने डॉक्टर से खर्च में कुछ रियायत देने की अपील भी की, लेकिन बात नहीं बन सकी।

इसी दौरान परिवार में बेटी ने जन्म लिया। घर में नन्ही परी के आने की खुशी के बीच युद्धवीर सिंह के मोबाइल पर लॉटरी निकलने का संदेश आया। टिकट पर डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम निकलने की खबर सुनकर परिवार की खुशी दोगुनी हो गई। दिवाली के मौके पर एक तरफ बेटी के जन्म की खुशखबरी और दूसरी तरफ डेढ़ करोड़ रुपये की लॉटरी ने इस परिवार के लिए त्योहार को बेहद खास बना दिया। बाद में युद्धवीर सिंह अपने परिवार के साथ बुढलाडा स्थित धन्ना सिंह लॉटरी स्टॉल पर पहुंचे और वहां इस अप्रत्याशित खुशी की पूरी कहानी साझा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *