बरनाला/जालंधर 07 नवंबर 2026 : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पनग्रेन के मैनेजर मनप्रीत सिंह और बरनाला मंडी की इंस्पेक्टर एवं इंचार्ज दविंदर कौर को 50,000 रुपए रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए विजीलैंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी लक्खी कॉलोनी, बरनाला निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गई है।
प्रवक्ता के अनुसार शिकायतकर्त्ता ने आरोप लगाया था कि पनग्रेन मैनेजर मनप्रीत सिंह और बरनाला मंडी की इंस्पेक्टर एवं इंचार्ज दविंदर कौर ने उसके चावल शैलर की क्षमता के अनुसार धान का आवंटन बढ़ाने के बदले 50,000 रुपए रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्त्ता ने रिश्वत मांगने से संबंधित बातचीत भी रिकॉर्ड कर ली थी।
शिकायतकर्त्ता ने रिश्वत देने से इन्कार करते हुए विजिलेंस ब्यूरो रेंज पटियाला से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ब्यूरो ने दोनों आरोपियों को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
