पानीपत 07 नवंबर 2026 : रेलवे रोड पर शुक्रवार सुबह दुकान के बाहर सामान रखने को लेकर हुए विवाद में एक दुकानदार की जान चली गई। पड़ोसी दुकानदार ने पहले उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की और फिर छाती में सिर से जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे पड़ोसी दुकानदार अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान किशनपुरा की इंडियन कॉलोनी निवासी करीब 45 वर्षीय विदेश जिंदल के रूप में हुई है। उसकी रेलवे रोड पर मोबाइल एसेसरीज की दुकान थी। घटना दुकान नंबर 142 के बाहर हुई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह विदेश जिंदल और उसके पड़ोसी दुकानदार उमेश के बीच दुकान के बाहर सामान रखने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। उमेश की देव इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान है। दिवाली के चलते उमेश ने अपनी दुकान के बाहर सामान डिस्प्ले के लिए रखा हुआ था। इससे विदेश की दुकानदारी प्रभावित हो रही थी। विदेश ने कई बार उसे सामान हटाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। शुक्रवार सुबह विदेश ने अपने नौकर से सामान हटवा दिया। इसके बाद उमेश ने दोबारा दुकान के बाहर सामान रख दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
बीच-बचाव करते रहे दुकानदार, नहीं रुका हमला
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विवाद बढ़ने पर आसपास के दुकानदारों ने दोनों को अलग करने का प्रयास किया। वे लगातार बीच-बचाव करते रहे, लेकिन उमेश ने विदेश पर हमला जारी रखा। उसने विदेश को कई थप्पड़ और मुक्के मारे। इसी दौरान उसने विदेश की छाती में सिर से जोरदार टक्कर मार दी। इससे विदेश की हालत बिगड़ गई। खास बात यह रही कि जिस समय दोनों के बीच मारपीट हो रही थी, उस दौरान पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे। इसके बावजूद विवाद हिंसक हो गया। घटना के सीसीटीवी फुटेज में मारपीट और मौके पर मौजूद लोगों की गतिविधियां कैद हुई हैं।
तीन बच्चों का पिता था विदेश
विदेश जिंदल किशनपुरा की इंडियन कॉलोनी का रहने वाला था। परिवार में उसके तीन बच्चे हैं। रेलवे रोड पर मोबाइल एसेसरीज की दुकान चलाकर वह परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना के बाद आसपास के दुकानदार उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
