चंडीगढ़ 04 अक्टूबर 2026 : सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन चंडीगढ़-2026 को देखते हुए रविवार, 4 अक्टूबर को शहर की कई मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है, इस दौरान पूरे शहर में भारी ट्रैफिक जाम लगा है। रनर्स की सुरक्षा और मैराथन को आसानी से कराने के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस की तरफ से एक खास एडवाइजरी जारी की गई है। इसके तहत, सुबह 4:30 बजे से 11 बजे तक मैराथन रूट पर गाड़ियों की आवाजाही को ज़रूरत के हिसाब से रोक दिया गया है या डायवर्ट किया गया है।
मैराथन का रूट चंडीगढ़ क्लब के सामने से शुरू होकर सेक्टर-2/3 स्मॉल चौक, ओल्ड बैरिकेड चौक और सुखना लेक टर्न तक जाएगा। इसके बाद यू-टर्न लेते हुए वापस ओल्ड बैरिकेड चौक आते हुए ट्रांसपोर्ट चौक तक पहुंचेगा। यहां से यू-टर्न लेते हुए यह एस.बी.आई. स्मॉल चौक से होते हुए पी.जी.आई. जाएगा। P.G.I. से लौटते समय, मटका चौक की तरफ बाएं मुड़कर चंडीगढ़ क्लब की तरफ पूरा होगा।
P.G.I. जाने वाले लोग पहले से प्लान बना लें
ट्रैफिक पुलिस ने सुखना लेक, मटका चौक, ट्रांसपोर्ट चौक और PGI जाने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर P.G.I. जाने वाले मरीज़ों और उनके परिवार वालों को अपनी यात्रा पहले से प्लान कर लेना चाहिए। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित रास्ते से बचें और दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें। मैराथन के दौरान रास्ते पर तैनात ट्रैफिक पुलिस वाले ज़रूरत के हिसाब से ट्रैफिक कंट्रोल करेंगे। वाहन चलाने वालों से पुलिस के निर्देशों का पालन करने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और बंद या बदले हुए रास्तों पर जाने से बचने के लिए कहा गया है।
